रायपुर के टिकरापारा इलाके में एक महिला से लाखों रुपये की ठगी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि एक सब्जी बेचने वाले शख्स ने सामाजिक संस्था में सदस्य बनाकर मोटा मुनाफा दिलाने का लालच दिया और महिला से करीब 7 लाख रुपये वसूल लिए। शिकायत पर पुलिस ने अब मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कैसे हुई ठगी?
संतोषी नगर निवासी पीड़ित महिला पुष्पा नामदेव ने बताया कि उसकी पहचान वर्ष 2024 में राजू बाघ नाम के व्यक्ति से हुई थी। राजू मोतीनगर में सब्जी बेचने का काम करता है। उसने खुद को सहारा जन सेवा कल्याण समिति का संचालक बताकर महिला को संस्था में सदस्य बनाने और अच्छी कमाई करवाने का दावा किया।
मुनाफे के लालच में महिला ने उसे किस्तों-किस्तों में 7 लाख रुपये दे दिए। शुरुआत में आरोपी ने विश्वास जीतने के लिए कुछ राशि लौटा भी दी, लेकिन बाद में पूरा घर खाली कर फरार हो गया।
धमकी भी दी, फिर शिकायत दर्ज
महिला का कहना है कि राजू बाघ ने उससे एक एग्रीमेंट कराकर 5 लाख 40 हजार रुपये वापस करने की बात कही थी। लेकिन जब उसने पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने उसे “कोर्ट से उठवाने” और जान से मारने की धमकी दे डाली।
डरी-सहमी महिला ने आखिरकार टिकरापारा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने धोखाधड़ी और धमकी के आरोपों में मामला दर्ज करके आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।








