जोहान्सबर्ग । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी-20 शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए तीन दिवसीय दौरे पर शुक्रवार को दक्षिण अफ्रीका पहुंचे। उनके आगमन पर जोहान्सबर्ग और प्रिटोरिया में भारतीय मूल के लोगों ने जोरदार और उत्साहपूर्ण स्वागत किया।
प्रधानमंत्री मोदी शुक्रवार दोपहर प्रिटोरिया स्थित एयर फ़ोर्स बेस वाटरलूफ़ पर पहुंचे, जहां दक्षिण अफ्रीकी सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। इस दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और पारंपरिक औपचारिकताओं के माध्यम से दोनों देशों के बीच मजबूत रिश्तों की झलक देखने को मिली।
अपने स्वागत से अभिभूत प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह गर्मजोशी भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच गहरी मित्रता और ऐतिहासिक संबंधों को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श, आपसी सहयोग को बढ़ावा देना और दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करना है।
मोदी शनिवार को जी-20 शिखर सम्मेलन में विश्व नेताओं के साथ भाग लेंगे और कई द्विपक्षीय बैठकों में भी शामिल होंगे। भारतीय समुदाय ने प्रधानमंत्री के आगमन को भारत–दक्षिण अफ्रीका संबंधों के नए अध्याय की शुरुआत बताया।









