सक्ती: जिले के जैजैपुर ब्लॉक स्थित ग्राम पंचायत केकराभाटा में एक अनोखी घटना देखने को मिली, जिसने पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना दिया। यहां एक बोरिंग से बिना किसी मोटर या पंप के 100 फीट ऊंची पानी की धारा निकल रही है। यह नजारा किसी चमत्कार से कम नहीं लग रहा, जिसे देखने के लिए ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसा दृश्य उन्होंने पहले कभी नहीं देखा। पहली नजर में तो यह किसी इंजन या मोटर से जुड़ा लग सकता है, लेकिन वास्तविकता में यह प्राकृतिक घटना है। जमीन के अंदर पानी का दबाव इतना अधिक कैसे बना, यह फिलहाल रहस्य बना हुआ है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह घटना भूजल दबाव में अचानक हुए बदलाव के कारण हो सकती है, जिसे लेकर जांच की जा रही है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इसे देखने के लिए दूर-दराज से भी लोग पहुंच रहे हैं। प्रशासन की ओर से भी मामले पर नजर रखी जा रही है और भू-वैज्ञानिकों को इस पर अध्ययन के लिए बुलाया जा सकता है। फिलहाल, यह रहस्यमयी जलधारा गांव के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।









