प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छत्तीसगढ़ दौरे पर पहुंचे और बिलासपुर के मोहभट्टा में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने राज्य को 33,700 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात दी।
पीएम मोदी ने अभनपुर-रायपुर मेमू ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 3 लाख लाभार्थियों को घरों की चाबियां सौंपी। उन्होंने 108 किमी लंबी सात रेलवे परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी।
लोकसभा चुनाव 2024 के बाद यह प्रधानमंत्री का पहला छत्तीसगढ़ दौरा था। रायपुर एयरपोर्ट पर राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, डिप्टी सीएम अरुण साव और विजय शर्मा ने उनका स्वागत किया।
भाजपा पर जनता का भरोसा बढ़ा: पीएम मोदी
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार में भर्ती घोटाले हुए थे, जिनकी भाजपा सरकार ने गहन जांच कराई। उन्होंने दावा किया कि जनता का भाजपा पर विश्वास लगातार बढ़ रहा है, जो हाल ही में हुए निकाय चुनावों में भाजपा की जीत से स्पष्ट है।
पीएम मोदी ने कहा कि छत्तीसगढ़ रजत जयंती वर्ष मना रहा है और इसे अलग राज्य बनाने की आवश्यकता इसलिए पड़ी क्योंकि कांग्रेस शासन में विकास रुका हुआ था। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के समय विकास परियोजनाओं में भ्रष्टाचार होता था और जनता की समस्याओं को नजरअंदाज किया जाता था।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार छत्तीसगढ़ के हर गांव तक विकास योजनाएं पहुंचा रही है। आदिवासी क्षेत्रों में सड़कें बनाई जा रही हैं, पहली बार कई इलाकों में बिजली पहुंची है, और नए कॉलेज और अस्पताल खोले जा रहे हैं।
रेलवे, बिजली और गैस परियोजनाओं को बढ़ावा
प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि छत्तीसगढ़ में 40,000 करोड़ रुपये से अधिक के रेल प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है और इस बार के बजट में 7,000 करोड़ रुपये की विशेष व्यवस्था की गई है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में आदिवासी क्षेत्रों में विकास कार्य अवरुद्ध थे, लेकिन भाजपा सरकार ने इन क्षेत्रों को योजनाओं से जोड़ा है। गैस पाइपलाइन बिछाने का काम जारी है जिससे सीएनजी गाड़ियां चल सकेंगी और 2 लाख घरों को पाइप से गैस आपूर्ति की सुविधा मिलेगी।
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय नक्सलवाद को बढ़ावा मिला, लेकिन अब केंद्र सरकार की योजनाओं से इन क्षेत्रों का विकास हो रहा है। आयुष्मान योजना के तहत लोगों को बेहतर इलाज मिल रहा है और ‘पीएम सुर्योदय योजना’ से बिजली बिल शून्य करने की योजना बनाई गई है।
प्रदेश को मिली ये महत्वपूर्ण परियोजनाएं
बिजली क्षेत्र में निवेश
एनटीपीसी सीपत सुपर थर्मल पावर परियोजना: 800 मेगावाट, लागत 9,790 करोड़ रुपये।
सीएसपीजीसीएल सुपर क्रिटिकल थर्मल पावर परियोजना: 2X660 मेगावाट, लागत 15,800 करोड़ रुपये।
पश्चिमी क्षेत्र विस्तार योजना: 560 करोड़ रुपये की लागत से तीन विद्युत पारेषण परियोजनाओं का उद्घाटन।
तेल और गैस क्षेत्र में निवेश
सिटी गैस वितरण परियोजना: 1,285 करोड़ रुपये, 200 किमी हाई-प्रेशर पाइपलाइन और 800 किमी एमडीपीई पाइपलाइन का निर्माण।
विशाखापट्टनम-रायपुर पाइपलाइन: 2,210 करोड़ रुपये, 540 किमी लंबी पाइपलाइन का निर्माण।
रेलवे क्षेत्र में निवेश
108 किमी लंबी 7 नई रेलवे परियोजनाओं की आधारशिला।
2,690 करोड़ रुपये की लागत से 111 किमी लंबी 3 रेलवे परियोजनाओं का उद्घाटन।
अभनपुर-रायपुर मेमू ट्रेन सेवा की शुरुआत।
छत्तीसगढ़ रेलवे नेटवर्क के 100% विद्युतीकरण का उद्घाटन।
सड़क बुनियादी ढांचे में सुधार
एनएच-930: 37 किमी झलमला-शेरपार खंड का उन्नयन।
एनएच-43: 75 किमी अंबिकापुर-पत्थलगांव खंड को 2-लेन में बदला जाएगा।
एनएच-130डी: 47.5 किमी कोंडागांव-नारायणपुर खंड का उन्नयन।
शिक्षा और आवास में नई पहल
29 जिलों में 130 पीएम श्री स्कूल का उद्घाटन।
रायपुर में विद्या समीक्षा केंद्र (VSK) की स्थापना।
प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (PMAY-G) के तहत 3 लाख परिवारों को घर मिले।
‘छत्तीसगढ़ के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे’
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव रखी थी, जिसे वर्तमान सरकार और सशक्त कर रही है। उन्होंने कहा कि जब छत्तीसगढ़ अपनी स्थापना के 50 वर्ष मनाए, तब यह देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो—यही भाजपा सरकार का लक्ष्य है।
उन्होंने आश्वासन दिया कि भाजपा सरकार छत्तीसगढ़ के हर घर तक विकास पहुंचाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेगी।








