कोरबा/पाली: श्रीमद्भागवत महापुराण को भगवान श्रीकृष्ण का साहित्यिक अवतार माना जाता है, जिसका श्रवण और वाचन दोनों ही आत्मिक मुक्ति प्रदान करने वाले माने गए हैं। इसी आध्यात्मिक उद्देश्य से क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी कमल वैष्णव, पिताश्री गोविंद वैष्णव के निवास स्थान, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, वार्ड क्रमांक-08 में 08 अप्रैल से 15 अप्रैल तक साप्ताहिक श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है।
इस धार्मिक अनुष्ठान में श्री निकुंज आश्रम, जजंगिरी (भिलाई-03), जिला दुर्ग के पूज्य पंडित नारायण महाराज जी कथा वाचन करेंगे। आयोजन समिति के अनुसार, कथा का शुभारंभ 08 अप्रैल को प्रातः 9 बजे भव्य कलश यात्रा के साथ होगा। इस दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच महिलाएं कलश लेकर नगर भ्रमण करेंगी और प्राचीन शिव मंदिर के समीप स्थित नौकोनिया तालाब में पूजन एवं जल भरने की रस्म निभाई जाएगी। इसके बाद यह यात्रा पुनः कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेगी, जिसके उपरांत देवी-देवताओं की पूजा होगी और दोपहर 2 बजे से भागवत कथा प्रारंभ होगी।
15 अप्रैल को पूर्णाहुति एवं महाप्रसाद
कथा का वाचन प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से होगा, जो 14 अप्रैल तक जारी रहेगा। अंतिम दिन, 15 अप्रैल को पूर्णाहुति, हवन, ब्राह्मण भोज, कन्या भोज, कुटुंब भोज एवं महाप्रसाद वितरण के साथ कलश विसर्जन की रस्म निभाई जाएगी।
श्रीमद्भागवत कथा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए आयोजक गोविंद वैष्णव ने कहा कि यह कथा जीवन को सही दिशा देने और आध्यात्मिक उन्नति का माध्यम है। इसे सुनने से मनुष्य के सात जन्मों के पाप नष्ट होते हैं और सौभाग्य की प्राप्ति होती है। साथ ही, पितृ शांति, पारिवारिक समृद्धि, रोग-शोक निवारण एवं आध्यात्मिक शांति के लिए यह अनुष्ठान अत्यंत फलदायी माना गया है।
आयोजन समिति ने नगर एवं आसपास के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में इस पावन आयोजन में सम्मिलित होकर धर्मलाभ अर्जित करने की अपील की है।









