अपॉइंटमेंट के बावजूद लंबा इंतजार, पार्किंग से लेकर सिस्टम तक हर जगह बदइंतज़ामी
VIP रोड पर अव्यवस्था का आलम, संकेत बोर्ड नदारद
रायपुर। शहर के VIP रोड स्थित बेबीलॉन टॉवर की बेसमेंट पार्किंग (माइनस-2) में हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट (HSRP) लगवाने पहुंचे लोगों को खासी परेशानी झेलनी पड़ रही है। पार्किंग में न तो स्पष्ट दिशासूचक बोर्ड लगे हैं और न ही समुचित रोशनी की व्यवस्था है। जिससे लोग बार-बार रास्ता भटक जाते हैं और अंधेरे में गिरने का भी खतरा बना रहता है।
अपॉइंटमेंट लेकर आने वालों को भी नहीं मिल रही प्राथमिकता
लोग ऑनलाइन अपॉइंटमेंट लेकर आ रहे हैं, इसके बावजूद उन्हें लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। अपॉइंटमेंट दिखाने पर टोकन दिया जाता है, लेकिन 100 टोकन के बाद वितरण रोक दिया जाता है। जब लोग पूछते हैं, तो उन्हें सिर्फ इतना कहा जाता है—“इंतजार कीजिए।”
एक ही कंप्यूटर से हो रहा सारा काम, धीमी प्रक्रिया से लोग परेशान
HSRP केंद्र में केवल एक कंप्यूटर से काम हो रहा है, जिससे प्रक्रिया बेहद धीमी हो गई है। नए आवेदन करने वाले भी लाइन में शामिल हो रहे हैं, जिससे पहले से अपॉइंटमेंट लेकर आए लोग भी घंटों इंतजार कर रहे हैं।
60 वर्षीय हेमचंद यादव को अपॉइंटमेंट के बावजूद टोकन नहीं मिल पाया। हेमंत साहू को स्लॉट मिलने के बाद भी डेढ़ घंटे तक प्रतीक्षा करनी पड़ी।
पंडरी बस स्टैंड का हाल भी बेहाल
पंडरी बस स्टैंड में भी HSRP के लिए एक काउंटर बनाया गया है, लेकिन वहां भी हालात बेहतर नहीं हैं। सिर्फ एक कंप्यूटर से काम होने के कारण लंबी लाइन लग रही है और लोग तेज धूप में खड़े रहने को मजबूर हैं।
समय पर नहीं पहुंच रही प्लेट, प्रक्रिया अधूरी
HSRP प्लेट समय पर नहीं पहुंच रही है, जिससे जिनका नंबर आ भी जाता है, वे कार्य पूरा नहीं करवा पा रहे हैं।
अगर किसी की पुरानी नंबर प्लेट टूट गई है या खो गई है, तो बिना उसे लाए नई प्लेट नहीं दी जा रही, जिससे वाहन मालिकों को अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जनता मांग रही है वैकल्पिक व्यवस्था और पारदर्शिता
लोगों का कहना है कि अपॉइंटमेंट सिस्टम के बावजूद इतनी अव्यवस्था समझ से परे है। HSRP लगवाना अनिवार्य है, तो व्यवस्था भी सुचारू होनी चाहिए। लोगों ने मांग की है कि अतिरिक्त कंप्यूटर और कर्मचारियों की व्यवस्था की जाए, साथ ही प्लेट वितरण में पारदर्शिता लाई जाए।







