श्रीहरिकोटा : भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) को आज एक बड़ा झटका लगा, जब उसका नवीनतम सैटेलाइट मिशन EOS-09 प्रक्षेपण के अंतिम चरण में तकनीकी खामी के कारण असफल हो गया। श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र के फर्स्ट लॉन्च पैड (FLP) से सुबह 5:59 बजे PSLV-C61 रॉकेट के जरिए इस उपग्रह को लॉन्च किया गया था।
पहले और दूसरे चरण में नहीं आई कोई दिक्कत
ISRO प्रमुख वी. नारायणन ने जानकारी दी कि रॉकेट के पहले और दूसरे चरण ने पूरी तरह सामान्य रूप से काम किया, लेकिन तीसरे स्टेज में तकनीकी समस्या आ गई, जिसके चलते मिशन को पूरा नहीं किया जा सका। उन्होंने कहा, “अब हम पूरी तकनीकी जांच करेंगे और डेटा का विश्लेषण करने के बाद ही विस्तार से जानकारी दे पाएंगे।”
101वां मिशन अधूरा रह गया
EOS-09 ISRO का 101वां सैटेलाइट मिशन था, जिसे PSLV (Polar Satellite Launch Vehicle) के जरिए प्रक्षेपित किया गया। यह मिशन पृथ्वी की निगरानी और आंकड़ों के संग्रहण के लिए अहम माना जा रहा था, लेकिन तकनीकी बाधा के चलते इसका उद्देश्य पूरा नहीं हो सका।
ISRO फिर से लौटेगा मिशन पर
ISRO प्रमुख ने यह भी स्पष्ट किया कि संगठन जल्द ही इस मिशन पर दोबारा काम करेगा। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में सभी खामियों को दूर कर मिशन को सफल बनाया जाएगा।
हालांकि आज का दिन ISRO के लिए निराशाजनक रहा, लेकिन भारतीय अंतरिक्ष एजेंसी के बीते मिशनों की सफलता को देखते हुए यह उम्मीद की जा रही है कि अगला प्रयास ज्यादा सटीक और सफल होगा।










