आवाराई गांव : तेंदूपत्ता से आत्मनिर्भरता की मिसाल

Spread the love



छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले के लवन क्षेत्र का एक छोटा सा गांव, आवाराई, आज आत्मनिर्भरता की एक नई कहानी लिख रहा है। यहां के ग्रामीणों ने जंगलों में पाई जाने वाली बहुमूल्य वन उपज तेंदूपत्ता को अपनी आजीविका का आधार बना लिया है, और अब यह गांव पूरे क्षेत्र में आर्थिक सशक्तिकरण का उदाहरण बन चुका है।

सुरितराम, जो इसी गांव के निवासी हैं, हर सुबह अपनी पत्नी के साथ सूरज निकलने से पहले जंगल की ओर निकल जाते हैं। उनका उद्देश्य होता है तेंदूपत्ता तोड़ना – एक ऐसा कार्य जो अब उनके जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है। वे प्रतिदिन करीब 300 पत्ते तोड़ते हैं और शाम होते ही इन्हें पास के फड़ (तेंदूपत्ता खरीदी केंद्र) में बेचने पहुंच जाते हैं।

तेंदूपत्तों को सही तरीके से संग्रह और सुरक्षित रखने के लिए ये ग्रामीण अटायन वृक्ष की छाल से एक विशेष किस्म की रस्सी तैयार करते हैं, जो दीमक प्रतिरोधी होती है और पत्तों को लंबे समय तक सुरक्षित रखती है।

भूपेंद्र, जो पिछले 12 वर्षों से इस कार्य में लगे हैं, बताते हैं कि तेंदूपत्ता अब उनका मुख्य रोजगार बन चुका है। उनका पूरा परिवार सुबह 6 बजे जंगल पहुंचता है और सामूहिक रूप से पत्तों का संग्रह करता है। हर दिन वे 300-400 पत्ते तोड़कर 50-50 के बंडलों में बांधते हैं, जिससे बिक्री में आसानी होती है।

गांव के अधिकांश परिवार इसी कार्य से सालाना अच्छी आय अर्जित कर रहे हैं। इससे न सिर्फ उनका घरेलू खर्च चलता है, बल्कि बच्चों की पढ़ाई और अन्य जरूरतों को पूरा करने में भी सहायता मिल रही है। इस वर्ष प्रशासन ने प्रति मानक बोरी तेंदूपत्ता की कीमत 5,500 रुपये तय की है। हालांकि दाम में कोई वृद्धि नहीं हुई है, लेकिन संग्राहक महिलाओं के लिए चरण पादुका (जूते-चप्पल) उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है, जिससे जंगल में काम करना उनके लिए अधिक सुविधाजनक हो सके।

आवाराई गांव की यह यात्रा बताती है कि यदि मेहनत, अनुभव और संसाधनों का सही उपयोग हो तो जंगल की उपज भी ग्रामीणों के लिए आत्मनिर्भरता और सम्मानजनक जीवन का माध्यम बन सकती है। तेंदूपत्ता अब इन ग्रामीणों के लिए सिर्फ एक पत्ता नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता की उड़ान का मजबूत आधार बन चुका है।

Related Posts

छत्तीसगढ़ पत्रकार अलंकरण पर उठे सवाल: सिफारिश और कथित ‘सेटिंग’ नहीं, जनहित की पत्रकारिता को मिले सम्मान

Spread the love

Spread the love    छत्तीसगढ़ । विशेष रिपोर्ट।     पत्रकार अलंकरण की गरिमा बचाने की मांग तेज, ग्रामीण और छोटे शहरों के पत्रकारों को समान अवसर देने की उठी…

छोटे से गांव से राजभवन तक गूंजा मुंगेली का नाम, कोमल साहू को राज्यपाल ने किया स्वर्ण पदक से सम्मानित

Spread the love

Spread the love    मुंगेली/छत्तीसगढ़। मोचन सिंह सोनवानी विशेष रिपोर्ट।   B.Lib परीक्षा में A-ग्रेड हासिल कर रचा इतिहास, पिता और बड़े भाई के मार्गदर्शन ने सफलता की राह की…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!