सारंगढ़। राज्यपाल रमेन डेका ने एक सराहनीय पहल करते हुए बिलासपुर, कोरिया और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिलों के 30 तपेदिक (टीबी) मरीजों को आर्थिक सहायता प्रदान की है। उन्होंने ‘निक्षय मित्र’ के रूप में आगे आकर अपने स्वेच्छानुदान मद से कुल 1 लाख 80 हजार रुपये की राशि मंजूर की है, जिससे इन मरीजों को पौष्टिक आहार मुहैया कराया जाएगा।
बिलासपुर जिले के 10 टीबी मरीजों को एक साल के लिए 60 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी। वहीं, कोरिया और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिलों के 10-10 मरीजों को भी प्रति माह 500 रुपये की दर से एक वर्ष के लिए 60-60 हजार रुपये की सहायता प्रदान की गई है।
राज्यपाल डेका ने कहा कि प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत 2025 तक देश को टीबी मुक्त बनाना लक्ष्य है। उन्होंने इस मिशन में जनभागीदारी को जरूरी बताया और कहा कि समाज के हर वर्ग को इस दिशा में सहयोग करना चाहिए।
राज्यपाल स्वयं विभिन्न जिलों के दौरों के दौरान मरीजों की स्थिति की जानकारी लेते हैं और उनके लिए हर संभव मदद सुनिश्चित करते हैं। यह सहायता न केवल आर्थिक रूप से मददगार होगी, बल्कि मरीजों को स्वस्थ जीवन की ओर ले जाने में भी सहायक साबित होगी।








