नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित क्षेत्र नारायणपुर से एक बड़ी कार्रवाई की खबर सामने आ रही है। दंतेवाड़ा, बीजापुर और नारायणपुर की सरहदी इलाके में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ जारी है। प्रारंभिक सूत्रों के अनुसार, सुरक्षाबलों ने इस अभियान में अब तक लगभग 27 नक्सलियों को ढेर कर दिया है। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।
मिली जानकारी के अनुसार, मुठभेड़ में नक्सल संगठन के बड़े कैडर के माओवादी भी शामिल हैं। यह ऑपरेशन गुप्त सूचना के आधार पर चलाया गया, जिसमें डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड), एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) और बीएसएफ (सीमा सुरक्षा बल) के जवान संयुक्त रूप से शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि मुठभेड़ अभी भी जारी है और सुरक्षाबलों ने इलाके को चारों ओर से घेर रखा है। यह अभियान नक्सलियों के खिलाफ अब तक की बड़ी कार्रवाइयों में से एक माना जा रहा है।
प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की ओर से मुठभेड़ की पुष्टि और विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है। सुरक्षा बलों की सतर्कता और साहसिक कार्रवाई से क्षेत्र में नक्सल गतिविधियों को करारा झटका लगा है।








