बिलासपुर। जिले में एक बार फिर ऑनलाइन ठगी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र की एक महिला से शेयर बाजार में भारी मुनाफे का झांसा देकर 60 लाख रुपये की ठगी की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने पहले महिला को शेयर बाजार में निवेश के बदले बड़ा लाभ मिलने का आश्वासन दिया। शुरुआत में कुछ लाभांश भी महिला को भेजे गए, जिससे उसका विश्वास बढ़ गया। इसके बाद ठगों ने गारंटी का बहाना बनाकर महिला से किश्तों में 60 लाख रुपये की भारी भरकम राशि निवेश करवा ली।
महिला को जब ठगी का एहसास हुआ तो उसने तुरंत सिविल लाइन थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारी साइबर टीम की मदद से आरोपियों की पहचान में जुटे हुए हैं।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति या संस्था के झांसे में आकर निवेश करने से पहले पूरी जानकारी और सत्यापन अवश्य कर लें।








