न्यायधानी में अपराध का बढ़ता ग्राफ, पुलिस सक्रिय जांच में जुटी
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर से दो गंभीर आपराधिक घटनाएं सामने आई हैं, जिन्होंने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर जहां क्रिप्टो इन्वेस्टमेंट के नाम पर युवक से 6 लाख रुपये की ठगी हुई, वहीं दूसरी ओर गाउन पहने चोर गैंग ने रेलवे कर्मचारियों के तीन सूने मकानों को निशाना बनाकर लाखों के जेवर और नगदी पर हाथ साफ कर दिया।
क्रिप्टो कंपनी के नाम पर 6 लाख की ठगी
सकरी थाना क्षेत्र में रहने वाले युवक प्रमोद जायसवाल को एक दंपति ने क्रिप्टोकरेंसी में निवेश कर पैसों को दोगुना करने का झांसा दिया। आरोपी नरोत्तम ने खुद को एक क्रिप्टो कंपनी का सीईओ और अपनी पत्नी पूजा को मार्केटिंग मैनेजर बताया। इनके एक साथी ने भी इस फ्रॉड में साथ दिया।
आरोपियों ने प्रमोद से 5 लाख रुपये नकद और 1 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कराए। लेकिन जब पीड़ित ने निवेश के बदले पैसे मांगे तो आरोपियों ने कंपनी को घाटा होने की बात कहकर टाल दिया। प्रमोद ने जब ठगी का शक हुआ, तो उसने सकरी थाना में रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ IPC की धारा 420 (धोखाधड़ी) और 34 (साझा आपराधिक कृत्य) के तहत केस दर्ज कर लिया है।
गाउन गैंग का कहर, तीन घरों में बड़ी चोरी
शहर में एक बार फिर ‘गाउन गैंग’ सक्रिय हो गया है। हाल ही में जयरामनगर के एक ज्वेलरी शॉप में इसी गिरोह ने चोरी को अंजाम दिया था। अब तोरवा थाना क्षेत्र की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के तीन मकानों में इसी गिरोह ने धावा बोला।
1. निखिलेश कुमार — रेलवे ऑपरेटिंग विभाग में कार्यरत निखिलेश 22 मई को परिवार सहित आंध्र प्रदेश गए थे। लौटने पर देखा कि उनके घर का ताला टूटा है और सोने के जेवर व 20 हजार रुपये नकद चोरी हो चुके हैं।
2. एस. के. भट्टाचार्य — इसी कॉलोनी में रहने वाले भट्टाचार्य के मकान से चोरों ने अलमारी तोड़कर सोने-चांदी के जेवर और 25 हजार रुपये नकद चुरा लिए।
3. माइकल मिंज — उनके घर से चोर ताला तोड़कर चांदी का गिलास लेकर फरार हो गए।
गिरोह की पहचान गाउन और मुखौटा पहनने की उनकी खास स्टाइल से की जा रही है। जयरामनगर की पुरानी चोरी की तरह ही, इस बार भी चोरों की हरकतें CCTV कैमरे में कैद हुई हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर मामले की जांच में जुटी है।
पुलिस की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह के निवेश से पहले पूर्ण जांच करें और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत नजदीकी थाने को दें। साथ ही, घर छोड़ने से पहले सुरक्षा उपाय जरूर अपनाएं और आस-पड़ोस को सतर्क रखें।







