चंद्रपुर (दभरा) 17 जून । चंद्रपुर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की पलसदा शाखा में किसानों को लोन के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। स्थानीय ग्राम पंचायत ने बैंक प्रबंधक शत्रुघ्न सिंह पैकरा पर दुर्व्यवहार, गाली-गलौज और लोन प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब के गंभीर आरोप लगाए हैं। इस संबंध में पंचायत ने कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि 15 दिनों के भीतर शाखा प्रबंधक को हटाया नहीं गया, तो बैंक के सामने जोरदार प्रदर्शन किया जाएगा।
शिकायत में क्या कहा गया है
ग्राम पंचायत पलसदा द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि किसान जब सीसी (कैश क्रेडिट) लोन हेतु जानकारी लेने या आवेदन करने बैंक पहुंचते हैं, तो शाखा प्रबंधक उन्हें अपमानित करते हैं। आरोप है कि प्रबंधक गाली-गलौज कर किसानों को मानसिक रूप से परेशान करते हैं और घंटों तक बैंक परिसर में बैठाकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं देते।
किसानों की पीड़ा— घंटों लाइन में लगने के बाद भी नहीं मिलती सुनवाई
किसानों का कहना है कि उन्हें बैंक में कई-कई घंटे लाइन में खड़े रहना पड़ता है, लेकिन अधिकारी उनकी कोई बात नहीं सुनते। लोन प्रक्रिया को गंभीरता से न लेना और लगातार टालमटोल रवैया किसानों के लिए बड़ी परेशानी बन चुका है।
पंचायत की दो टूक: 15 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो होगा आंदोलन
ग्राम पंचायत पलसदा के सरपंच, उपसरपंच और पंचों ने संयुक्त रूप से कहा है कि वे किसानों के अपमान को बर्दाश्त नहीं करेंगे। यदि बैंक प्रशासन 15 दिनों के भीतर शाखा प्रबंधक को हटाकर किसी जिम्मेदार अधिकारी की नियुक्ति नहीं करता, तो वे सामूहिक रूप से बैंक के बाहर प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।
किसानों का दर्द: मौसम और महंगाई की मार के बीच बैंक प्रबंधक की मनमानी
स्थानीय किसानों ने बताया कि एक ओर जहां बारिश की अनिश्चितता और लगातार बढ़ती महंगाई ने खेती-किसानी की लागत को बढ़ा दिया है, वहीं दूसरी ओर बैंक प्रबंधक की उदासीन और अमानवीय कार्यप्रणाली से उनकी समस्याएं और गहरा रही हैं। लोन की प्रक्रिया में सहयोग मिलने की बजाय अपमान झेलना पड़ रहा है।









