मुंगेली। जिले की सरगांव थाना पुलिस ने बहुचर्चित 5 करोड़ 53 लाख रुपये की निवेश धोखाधड़ी मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए बीएन गोल्ड रियल एस्टेट एंड एलाइड लिमिटेड कंपनी के दो निदेशकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम चरण सिंह ठाकुर और विक्रम सिंह सोनालिया हैं, जिन्हें मध्यप्रदेश के सीहोर जिले से दबोचा गया।
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया है कि उन्होंने कंपनी के निदेशक के रूप में काम करते हुए निवेशकों से भारी-भरकम राशि की ठगी की। जांच में सामने आया है कि कंपनी द्वारा निवेशकों को प्रलोभन दिया गया था कि यदि वे 5 वर्षों तक हर महीने 1000 रुपये जमा करेंगे, तो उन्हें मूलधन के साथ 24,000 रुपये का ब्याज भी मिलेगा।
मामले की शुरुआत जून 2013 में तब हुई, जब कंपनी के अभिकर्ता कन्हैया साहू ने एक निवेशक को इस योजना में शामिल किया था। प्रारंभ में यह स्कीम लाभकारी प्रतीत हुई, लेकिन अप्रैल 2016 में समाचार पत्रों के माध्यम से कंपनी के फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। इसके बाद निवेशकों ने सरगांव थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने इस मामले में धोखाधड़ी, चिटफंड एक्ट और निवेशक संरक्षण अधिनियम के तहत आपराधिक मामला दर्ज किया था। इससे पूर्व 9 अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, और अब इस गिरफ्तारी के साथ कुल 11 आरोपी सलाखों के पीछे पहुंच चुके हैं।
मुंगेली पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष पुलिस टीम अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी निवेश योजना में शामिल होने से पहले उसकी वैधता की पूरी जांच कर लें।







