छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के असर से 12 से 15 अगस्त तक प्रदेश के कई हिस्सों में झमाझम बारिश की संभावना जताई गई है। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, सरगुजा और बस्तर संभाग में मौसम विभाग ने भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। पिछले दिनों उमस और गर्मी से परेशान लोगों के लिए यह बारिश राहत लेकर आ सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बन रहा मजबूत सिस्टम मानसूनी हवाओं को तेजी से छत्तीसगढ़ की ओर खींच रहा है। इससे मानसून ब्रेक की स्थिति खत्म हो गई है और मौसम में बदलाव शुरू हो गया है। विशेषकर बस्तर क्षेत्र में भारी बारिश के आसार हैं। पिछले 24 घंटों में कुछ जिलों में मध्यम वर्षा दर्ज की गई है।
आषाढ़ के अंत और सावन की शुरुआत में प्रदेश में रुक-रुककर अच्छी बारिश हुई थी, लेकिन सावन के अंतिम दिनों में मानसून ब्रेक के कारण जेठ जैसी गर्मी लौट आई थी। अब नए सिस्टम के सक्रिय होने से यह तपन खत्म होने और बारिश का दौर लौटने की उम्मीद है।








