रायपुर। राजधानी रायपुर के आमानका इलाके में देर रात हुए सड़क हादसे में एक छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी दो सहेलियाँ घायल हो गईं। जानकारी के अनुसार तीनों छात्राएँ इस्कॉन मंदिर से दर्शन कर लौट रही थीं और एक्टिवा पर सवार होकर रायपुरा स्थित हॉस्टल लौट रही थीं।
चंदनडीह टर्निंग पर यू-टर्न लेते समय उनकी एक्टिवा एक ट्रक के पिछले पहिए की चपेट में आ गई। हादसे में बीच में बैठी छात्रा भूमि चंद्राकर (निवासी बेमेतरा) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वह रायपुरा स्थित आदर्श डिफेंस एकेडमी में डिफेंस की पढ़ाई कर रही थी और खुशी गर्ल्स हॉस्टल में रहकर तैयारी कर रही थी।
बताया जा रहा है कि एक्टिवा चला रही छात्रा महासमुंद बागबाहरा की अनामिका वैद और पीछे बैठी बालोद की कामिनी साहू हादसे में हल्की रूप से घायल हुई हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक का आधा हिस्सा निकल चुका था, तभी भूमि का दुपट्टा ट्रक के पिछले पहिए में फंस गया और वह उसकी चपेट में आ गई।
हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने ट्रक में तोड़फोड़ कर चालक की पिटाई कर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल आमानका थाना पुलिस ने ट्रक और चालक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है तथा मृतका के परिजनों को सूचना दे दी गई है।








