भारत के स्टार बल्लेबाज और करोड़ों प्रशंसकों के चहेते विराट कोहली एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनका बल्ला नहीं, बल्कि सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा एक फर्जी स्क्रीनशॉट है।

दरअसल, एक्स (X) प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट का स्क्रीनशॉट शेयर किया जा रहा है, जिसमें दावा किया गया कि कोहली ने वनडे क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। इस पोस्ट में लिखा था – “वनडे क्रिकेट में मेरा सफर शानदार रहा।

अब मैंने यह फॉर्मेट छोड़ने का फैसला किया है ताकि नई पीढ़ी को मौका मिल सके। भारत के लिए वनडे खेलना मेरे लिए गर्व की बात रही है। सभी फैंस और साथियों का तहे दिल से शुक्रिया।”

हालाँकि, जांच में यह दावा पूरी तरह झूठा साबित हुआ। विराट कोहली ने 15 अगस्त को कोई ऐसा पोस्ट नहीं किया। उनके आधिकारिक अकाउंट पर आखिरी पोस्ट 13 अगस्त का है और वायरल स्क्रीनशॉट में दिख रही प्रोफाइल फोटो भी असली अकाउंट से मेल नहीं खाती। साफ है कि किसी ने जानबूझकर प्रशंसकों को गुमराह करने के लिए डॉक्टर्ड स्क्रीनशॉट बनाया।

क्यों उठ रही है रिटायरमेंट की चर्चा?
टी20 वर्ल्ड कप 2024 जीतने के बाद कोहली ने टी20 क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। इसके बाद मई 2025 में उन्होंने टेस्ट क्रिकेट से भी संन्यास ले लिया। फिलहाल वे केवल वनडे प्रारूप में सक्रिय हैं।
चूँकि टीम इंडिया इस साल सिर्फ 6 वनडे खेलने वाली है और अगला वनडे वर्ल्ड कप 2027 में होना है, ऐसे में कोहली की उम्र और फिटनेस को लेकर अटकलें तेज हो रही हैं। इसी वजह से उनके वनडे भविष्य को लेकर बार-बार चर्चा छिड़ जाती है।











