सचिव के गायब रहने से पंचायत के विकास कार्य प्रभावित, सभाओं में नहीं देते उपस्थिति
कोरबा । पाली जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत सराई सिंगार में पंचायत सचिव की लगातार गैरहाज़िरी ने पंचायत व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सरपंच सोनसाय भैना ने बताया कि वे पंचायत में विकास कार्य करना चाहते हैं, लेकिन सचिव के न बैठने से कामकाज प्रभावित हो रहा है।
सरपंच का कहना है कि जब भी सचिव से फोन पर संपर्क किया जाता है, वह हमेशा “मैं पाली जनपद जा रहा हूं” कहकर बात टाल देते हैं। सचिव की इस लापरवाही से ग्रामवासी नाराज़ हैं और पंचायत कार्य बाधित हो रहे हैं।
गांव में जब भी ग्राम सभा का आयोजन किया जाता है, उसमें पंचों की उपस्थिति अधूरी रहती है। कई बार तो पंचों की जगह उनके पति उपस्थित होते हैं, जो खुद एक अलग मुद्दा है।
सबसे गंभीर स्थिति यह है कि पंचायत सचिव कभी भी सभा में शामिल नहीं होते। सरपंच के बुलावे के बावजूद उनका हमेशा नदारत रहना ग्रामीणों में आक्रोश का कारण बन गया है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि इस मामले को गंभीरता से लिया जाए और सचिव की जिम्मेदारी तय की जाए, ताकि पंचायत में पारदर्शिता और विकास कार्य सुचारू रूप से हो सके।










