एसीसी एशिया कप 2025 का छठा मुकाबला आज भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जाना है। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले इस महामुकाबले को लेकर फैंस का उत्साह हमेशा की तरह तो नहीं है, लेकिन फिर भी इस मैच को लेकर रोमांच चरम पर है। फैंस यह जानना चाहते हैं कि दुबई का मौसम कैसा रहने वाला है और अगर मैच बारिश से रद्द हुआ तो किस टीम को फायदा होगा।
दुबई का मौसम रहेगा गर्म और उमस भरा
मुकाबले को बीसीसीआई की मंजूरी मिलने के बाद खेला जाना तय है। ऐसे में अब सभी की नजरें दुबई के मौसम पर टिकी हैं। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार 14 सितंबर 2025 को दुबई में दिन का तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, जबकि उमस 44 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। मैच रात में खेला जाना है, जिससे खिलाड़ियों को थोड़ी राहत मिलेगी, लेकिन रात में भी तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास ही रहेगा।
अच्छी खबर यह है कि रिपोर्ट्स के अनुसार बारिश की संभावना बेहद कम है। यानी मुकाबला बिना किसी रुकावट के खेला जा सकता है। हालांकि अगर अचानक बारिश हुई और मैच रद्द करना पड़ा, तो दोनों टीमों को 1-1 अंक साझा करना होगा।
बारिश से मैच रद्द होने पर किसे होगा फायदा?
अगर मुकाबला रद्द होता है तो भारत और पाकिस्तान दोनों को एक-एक अंक मिलेगा। ऐसी स्थिति में दोनों टीमों को अपने-अपने आखिरी मुकाबले जीतने होंगे, ताकि सुपर-4 में क्वालिफाई किया जा सके। भारत को अपना अगला मैच ओमान के खिलाफ खेलना है, जबकि पाकिस्तान की भिड़ंत यूएई से होगी। दोनों ही टीमों के लिए ये मैच अपेक्षाकृत आसान माने जा रहे हैं।
वहीं अगर भारत-पाकिस्तान का मैच बिना रुकावट के होता है, तो जीतने वाली टीम सुपर-4 में अपनी जगह लगभग पक्की कर लेगी और उसका रास्ता काफी आसान हो जाएगा।










