रायपुर । राजधानी में ठगी के नए-नए मामले सामने आ रहे हैं। ताजा वारदात में साधु के भेष में आए दो अज्ञात ठगों ने एक महिला डॉक्टर को हिप्नोटाइज कर 9 हजार रुपये हड़प लिए और फरार हो गए।
क्लिनिक में पहुंचे दो साधु
घटना शंकर नगर स्थित सुधा सूरज फर्टिलिटी केयर क्लिनिक की है। डॉक्टर ने पुलिस को बताया कि 26 सितंबर की दोपहर करीब 3 बजे वह अपने स्टाफ के साथ क्लिनिक में बैठी थीं। तभी साधु बने दो व्यक्ति खिड़की से झांकते हुए अंदर आए। स्टाफ ने उन्हें पैसे देने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने लेने से इनकार कर दिया। इसके बाद इलाज का बहाना बनाकर उन्होंने डॉक्टर से बातचीत शुरू की।
हिप्नोटाइज कर कराए ऑनलाइन ट्रांसफर
बातचीत के दौरान दोनों ठगों ने डॉक्टर को अपने प्रभाव में ले लिया और धीरे-धीरे उसे हिप्नोटाइज कर दिया। इसके बाद महिला डॉक्टर से परमजीत नामक यूपीआई खाते में 9 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिए। जाते समय आरोपी कुछ सामान और तस्वीरें वहीं छोड़ गए।
होश आने पर खुली ठगी की पोल
जब डॉक्टर सामान्य हुईं तो उन्हें एहसास हुआ कि वे ठगी का शिकार हो गई हैं। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। फिलहाल पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाल लिए हैं और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के लिए नई चुनौती
पिछले कुछ समय से रायपुर में साइबर ठगी और नकली डिलीवरी जैसे कई मामले सामने आ चुके हैं। लेकिन हिप्नोटाइज कर ठगी करने की यह अनोखी वारदात राजधानी पुलिस के लिए एक नई चुनौती बन गई है।







