राजधानी रायपुर में प्रवर्तन निदेशालय (ED) पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। कांग्रेसी हेमंत चंद्राकर ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उन्होंने ईडी अधिकारियों पर पूछताछ के दौरान मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना करने का आरोप लगाया है।
शिकायत में हेमंत चंद्राकर ने कहा कि 29 सितंबर को सुबह 10:30 बजे वह पूछताछ के लिए ईडी कार्यालय पहुंचे थे। यह पूछताछ रात 8:30 बजे तक चली और अगले दिन फिर से बुलाया गया। इस दौरान उन पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उनके सहयोगियों के खिलाफ गवाही देने का दबाव बनाया गया।
चंद्राकर ने आरोप लगाया कि ईडी अधिकारियों ने जबरन यह बयान दिलवाने की कोशिश की कि भूपेश बघेल से जुड़े लोग—विजय भाटिया, रामगोपाल अग्रवाल, आशीष वर्मा, मंदीप चावला समेत कुछ एजेंटों को कमीशन देकर काम करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उनके परिवार को उत्पीड़ित कर अवैधानिक तरीके से बयान लेने का प्रयास किया गया।
कोतवाली थाना प्रभारी एस.एन. सिंह ने पुष्टि करते हुए बताया कि आवेदन प्राप्त हो चुका है। मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







