स्वराज जायसवाल की कलम से……✍🏻
बिलासपुर, 21 सितंबर 2025। शहर के गोल बाजार क्षेत्र में रविवार सुबह भीषण आग लगने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते दो कपड़ा दुकानें इसकी चपेट में आ गईं। बताया जा रहा है कि महामाया साड़ी दुकान समेत पास की एक अन्य दुकान पूरी तरह जलकर राख हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी और धीरे-धीरे विकराल रूप ले लिया। जब तक दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचतीं, तब तक दोनों दुकानें पूरी तरह से खाक हो चुकी थीं। आग पर काबू पाने में दमकल कर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
इस हादसे में लाखों रुपये का नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। पुलिस और प्रशासन ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।








