पुसौर में विकास की नई गाथा : 15 करोड़ 31 लाख रुपये के कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास

Spread the love

रायगढ़ । लगातार हो रही बरसात के बीच भी नगर पंचायत पुसौर में आज नागरिकों का विकास के प्रति उत्साह देखने योग्य था। अवसर था 15 करोड़ 31 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण एवं शिलान्यास का। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव एवं वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। दोनों नेताओं ने नगर पंचायत के बाजार चौक में 19.78 लाख रुपये की लागत से निर्मित अटल परिसर का लोकार्पण किया तथा भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की आदमकद प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

पुसौर को मिला 2 करोड़ रुपये का अतिरिक्त विकास अनुदान

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि पुसौर नगर पंचायत में विकास कार्य तेजी से प्रगति पर हैं। उन्होंने बताया कि आज के अवसर पर 14 करोड़ 3 लाख रुपये के कार्यों का शिलान्यास और 1 करोड़ 27 लाख रुपये के कार्यों का लोकार्पण किया गया है। बीते 20 महीनों में नगर पंचायत को 18 करोड़ रुपये से अधिक की स्वीकृति दी गई है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनता की आकांक्षाओं के अनुरूप कार्य कर रही है और पुसौर को स्वच्छ, सुंदर एवं सुविधासंपन्न नगर के रूप में विकसित करने का लक्ष्य रखती है। इसी क्रम में उन्होंने नगर के सर्वांगीण विकास हेतु अतिरिक्त 2 करोड़ रुपये देने की घोषणा की और नागरिकों से स्वच्छता में राज्य का प्रथम स्थान प्राप्त करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

“किसी भी कार्य में गुणवत्ता से समझौता नहीं” – वित्त मंत्री

वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार अपने वादों को धरातल पर उतारते हुए हर क्षेत्र में विकास की नई मिसाल पेश कर रही है। उन्होंने बताया कि किसानों को दो वर्ष का बोनस, प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदी और 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों की स्वीकृति सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि अधोसंरचना, सड़कों, पुल-पुलियों और नगरीय सुविधाओं में सरकार सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है तथा किसी भी कार्य में गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाएगा।

पुसौर के लिए ऐतिहासिक दिन

नगर पंचायत अध्यक्ष मोहित सतपथी ने इस अवसर को पुसौर के लिए ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि लंबे समय से प्रतीक्षित विकास कार्यों का शुभारंभ आज संभव हुआ है। उन्होंने उप मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में पीएम आवास योजना के हितग्राहियों को आवास की प्रतीकात्मक चाबी सौंपी गई, वहीं अतिथियों का सम्मान स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया।

कार्यक्रम में मौजूद रहे कई जनप्रतिनिधि

कार्यक्रम में नगर निगम महापौर जीवर्धन चौहान, जनपद पंचायत अध्यक्ष हेमलता चौहान, अरूणधर दीवान, विजय अग्रवाल, बृजेश गुप्ता, जैमिनी गुप्ता, विजय गुप्ता, डिग्री लाल पाइक, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल, सहायक कलेक्टर अक्षय डोसी, एडीएम अपूर्व प्रियेश टोप्पो, एसडीएम महेश शर्मा और सीएमओ ललित साहू सहित बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में नगर पंचायत उपाध्यक्ष उमेश साव ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इन प्रमुख कार्यों का हुआ लोकार्पण

पुसौर नगर पंचायत में कुल 1 करोड़ 27 लाख रुपये की लागत से पांच प्रमुख विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया—

  • 30 लाख रुपये से जल आवर्धन पंप हाउस के पास कॉम्प्लेक्स निर्माण कार्य
  • 19.78 लाख रुपये से बाजार चौक में अटल परिसर निर्माण व प्रतिमा स्थापना
  • 48.84 लाख रुपये से पेट्रोल पंप के सामने कॉम्प्लेक्स निर्माण कार्य
  • 8.71 लाख रुपये से वार्ड क्रमांक 15 में बैडमिंटन कोर्ट निर्माण
  • 20.33 लाख रुपये से वार्ड क्रमांक 15 के स्टेडियम में बॉक्स क्रिकेट एलईडी लाइट सहित निर्माण कार्य

  • Related Posts

    राज्यस्तरीय फुटबॉल में चमके ग्राम खरवत के निलेश कुमार प्रजापति, अंडर-14 में चयन से क्षेत्र में खुशी

    Spread the love

    Spread the love    कोरिया/बैकुंठपुर। विशेष रिपोर्ट।   छत्तीसगढ़िया ओलंपिक में भी दिखा चुके हैं शानदार खेल कौशल, 0 से 18 वर्ष आयु वर्ग में बांटी खेल में हासिल किया…

    सरगुजा में पत्रकारों पर दबाव और चरित्र-हनन का मामला पहुंचा राजधानी रायपुर, सीएम से उच्चस्तरीय जांच की मांग  

    Spread the love

    Spread the love    रायपुर (छत्तीसगढ़) विशेष रिपोर्ट।     सरगुजा संभाग और अंबिकापुर क्षेत्र में पत्रकारों तथा सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स पर लगातार बढ़ रहे दबाव, चरित्र-हनन, धमकी और फर्जी…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    error: Content is protected !!