स्वराज जायसवाल की कलम से…..✍🏻
बिलासपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजनेश सिंह के निर्देशानुसार शहर में सरल, सुगम, सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए यातायात पुलिस की ओर से लगातार निरीक्षण और पर्यवेक्षण किया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे के नेतृत्व में यह अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है।
जन संवाद और सुधारात्मक कदम
इस अभियान के तहत ट्रैफिक टीम आम नागरिकों से सीधे संवाद कर रही है और यातायात से जुड़ी समस्याओं पर सुझाव लेकर सुधार की दिशा में ठोस कदम उठा रही है। इसी कड़ी में आज वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक स्वयं सरकंडा क्षेत्र पहुंचे और थाने व यातायात टीम के साथ मुख्य मार्गों, चौक-चौराहों और व्यस्त इलाकों का जायजा लिया।
खमतराई चौक पर विशेष व्यवस्था
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि खमतराई चौक पर नियमित रूप से भारी यातायात दबाव बना रहता है। इस समस्या से निपटने के लिए स्टॉपर और बैरिकेट्स लगाकर ट्रैफिक को व्यवस्थित किया गया है। वहीं, रॉन्ग साइड से आने वाले वाहन चालकों को समझाइश देकर यातायात नियमों के पालन की अपील भी की गई।
मानसून में यातायात प्रबंधन की चुनौती
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बरसात के बाद अचानक बाजारों और सड़कों पर वाहनों की संख्या में वृद्धि होती है, जिससे कई बार यातायात व्यवस्था चरमराने लगती है। ऐसे में शहर के हर चौक-चौराहे पर विशेष कार्य योजना बनाकर सुधारात्मक और समाधानकारी प्रयास किए जा रहे हैं।
बढ़ते वाहनों की संख्या को ध्यान में रखते हुए व्यवस्था सख्त
शहर में बढ़ते वाहनों के दबाव को ध्यान में रखते हुए, कई प्रमुख चौकों पर स्थायी बैरिकेटिंग और स्टॉपर लगाए जा रहे हैं। ताकि नागरिकों को यातायात जाम से निजात मिल सके और सुगम यात्रा का अनुभव हो।
यातायात पुलिस का अपील: नियमों का पालन करें
यातायात विभाग की ओर से सभी वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे यातायात संकेतों, नियमों और ट्रैफिक कर्मियों के निर्देशों का पालन करें। इससे शहर में आवागमन बाधित नहीं होगा और सभी नागरिकों को सुरक्षित यात्रा का वातावरण मिलेगा।







