बिलासपुर। अंतरराज्यीय ड्रग्स तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तीन दिनों तक चली इस संयुक्त मुहिम में लगभग 15 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स जब्त की गई। गिरफ्तार आरोपियों में हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और छत्तीसगढ़ के निवासी शामिल हैं।
यह कार्रवाई सिविल लाइन थाना, रतनपुर थाना और एसीसीयू की टीम ने मिलकर की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत इस सफलता को एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक तस्कर दिल्ली से उत्कल एक्सप्रेस के जरिए ड्रग्स लेकर आ रहा है। उसलापुर स्टेशन पर आरोपी को पकड़ लिया गया। पूछताछ में अन्य आरोपियों की जानकारी मिली, जिन्हें रतनपुर के पास चेकिंग के दौरान गिरफ्तार किया गया।
इसी कड़ी में संपर्क क्रांति एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे राजस्थान निवासी विवेक कुमार को भी दबोचा गया। सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की गई है।
प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि दिल्ली से ट्रेनों के माध्यम से एमडीएमए की तस्करी की जा रही थी। तस्कर पार्सल सेवा और आम यात्रियों का सहारा ले रहे थे। फिलहाल पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है और जांच तेज कर दी गई है।







