बिलासपुर की नवीन कृषि उपज मंडी में पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं के अभाव को लेकर शनिवार को भारतीय किसान यूनियन (महात्मा टिकैत) के बैनर तले किसानों ने जोरदार प्रदर्शन किया। जिला महासचिव हरिशंकर यादव के नेतृत्व में किसान हाईवे स्थित मंडी परिसर पहुंचे और समस्याओं के निराकरण की मांग की।
6 माह से पेयजल संकट, महिलाएं सबसे अधिक परेशान
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि मंडी में पिछले छह महीनों से पेयजल की कोई व्यवस्था नहीं है। इसके चलते किसान और मजदूरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। शौचालय और मूत्रालय की भी कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं होने से खासकर महिलाओं को अत्यधिक परेशानी हो रही है।
मंडी सचिव अनुपस्थित, अधिकारी को सौंपा ज्ञापन
प्रदर्शन के दौरान मंडी सचिव सोमेन्दु कौशिक अनुपस्थित रहे, जिसके चलते किसानों ने उनके अधीनस्थ अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि मंडी में शीघ्र पेयजल, शौचालय और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
मक्का खरीदी केंद्र खोलने की भी मांग
हरिशंकर यादव ने जिले में इस बार मक्का की अच्छी पैदावार का हवाला देते हुए सरकारी खरीदी केंद्र की स्थापना की भी मांग उठाई, जिससे किसानों को उपज का उचित मूल्य मिल सके।
प्रदर्शन में कई किसान रहे शामिल
इस प्रदर्शन में मोहम्मद उमर, हाजी सकीम, रईस अहमद, चंद्रपाल सिंह, नत्थू, ब्रजपाल यादव, अंशू यादव, सद्दाम हुसैन और मोहम्मद हसीन समेत बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए।
प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग
किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।








