बिलासपुर। तखतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बेलगहना में पूर्व सरपंच लक्ष्मी जयसवाल पर बड़ा राशन घोटाला सामने आया है। वर्ष 2019 में सरपंच बने लक्ष्मी जयसवाल के कार्यकाल के दौरान पंचायत द्वारा संचालित राशन दुकान से 175 क्विंटल चावल गायब पाया गया।
2025 के पंचायत चुनाव में नए सरपंच के निर्वाचित होने के बाद जब पंचायत की राशन दुकान का प्रभार सौंपा गया, तब यह घोटाला उजागर हुआ। नवनिर्वाचित सरपंच ने राशन में भारी कमी की जानकारी फूड इंस्पेक्टर श्याम वस्त्रकार को दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए फूड इंस्पेक्टर ने तत्काल तखतपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने जांच के बाद भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(5) तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3 और 7 के तहत मामला दर्ज करते हुए लक्ष्मी जयसवाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले की जांच जारी है और अन्य संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।








