चमोली/देहरादून, 18 सितम्बर 2025। सितंबर का महीना अपने अंतिम पड़ाव पर है, लेकिन उत्तराखंड में मानसूनी आफत अब भी थमने का नाम नहीं ले रही है। गुरुवार सुबह चमोली जिले के नंदानगर घाट क्षेत्र में बादल फटने से भारी तबाही मच गई। अचानक हुई भीषण बारिश और मलबे के आने से कुंत्री और धुर्मा गांव बुरी तरह प्रभावित हुए हैं।
जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने जानकारी दी कि नंदानगर के कुंत्री लंगाफली वार्ड में छह घर पूरी तरह मलबे में दब गए हैं। इस हादसे में 7 लोग लापता बताए जा रहे हैं, वहीं राहत दल ने अब तक 2 लोगों को रेस्क्यू किया है। मौके पर मेडिकल टीमें और तीन एम्बुलेंस भी भेजी गई हैं। कई पालतू जानवरों के भी बाढ़ और मलबे की चपेट में आने की खबर है।
राहत एवं बचाव कार्य तेज
घटना की सूचना मिलते ही एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें घटनास्थल पर पहुंच गईं और राहत एवं बचाव अभियान में जुट गई हैं। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्र में आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है।
भारी बारिश का अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने राज्य में अगले 24 घंटे के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। देहरादून, ऋषिकेश, पौड़ी गढ़वाल, उत्तरकाशी, हरिद्वार समेत कई जिलों में तेज बारिश की संभावना जताई गई है। प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है और नदियों के किनारे रहने वाले लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।
हाल की घटनाओं से सबक
गौरतलब है कि कुछ ही दिन पहले देहरादून के सहशस्त्रधारा क्षेत्र में भी बादल फटने से भारी नुकसान हुआ था। लगातार हो रही इन घटनाओं ने एक बार फिर उत्तराखंड में मानसूनी आपदाओं की गंभीरता को उजागर कर दिया है।
स्थिति पर लगातार नजर
जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने कहा कि प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ कार्य कर रहा है। राहत एवं बचाव कार्य जारी है और लापता लोगों की तलाश के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।









