सुमर दास की कलम से…..✍️
सीतापुर । प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के “मन की बात” कार्यक्रम के 129वें संस्करण का सामूहिक श्रवण आज सीतापुर विधानसभा अंतर्गत नवानगर मंडल की ग्राम पंचायत नान दमाली के पहुंचविहीन क्षेत्र बकर लोटा में आयोजित किया गया। इस अवसर पर नवानगर मंडल के मन की बात कार्यक्रम संयोजक सुमर दास, मोतीपुर शक्ति केंद्र प्रभारी राजू राजवाड़े सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

ग्रामीणों के साथ रेडियो प्रसारण का श्रवण करते हुए वक्ताओं ने कहा कि “मन की बात” जैसे कार्यक्रम देश के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं और विचारों को पहुंचाने का सशक्त माध्यम बन रहे हैं। बकर लोटा क्षेत्र, जो वर्षों से विकास से वंचित रहा है, वहां इस तरह के कार्यक्रम का आयोजन ग्रामीणों के लिए विशेष महत्व रखता है।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों की भी जानकारी दी गई। विधायक रामकुमार टोप्पो के प्रयासों से ग्राम पंचायत नान दमाली के बकर लोटा क्षेत्र में 7 हैंडपंपों की स्वीकृति दी गई है, जिनका बोरिंग खनन कार्य वर्तमान में जारी है। उल्लेखनीय है कि यह वही क्षेत्र है, जहां आज़ादी के 75 वर्षों बाद भी बुनियादी सुविधाओं का अभाव था और आवागमन तक कठिन था।

विधायक बनने के बाद रामकुमार टोप्पो द्वारा प्राथमिकता के आधार पर ग्रामीणों की पेयजल समस्या को दूर करने की पहल की गई। हैंडपंप स्वीकृत होने के बाद नवानगर मंडल उपाध्यक्ष सुमर दास एवं मोतीपुर शक्ति केंद्र प्रभारी राजू राजवाड़े के सहयोग से दुर्गम क्षेत्र में बोरिंग मशीन पहुंचाई गई। अब तक तीन स्थानों पर बोरिंग खनन सफल हो चुका है, जिससे ग्रामीणों में खुशी और उम्मीद का माहौल है।
ग्रामीणों ने इस पहल के लिए विधायक रामकुमार टोप्पो सहित सभी जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया और कहा कि वर्षों बाद उनके गांव में विकास की रोशनी पहुंचती नजर आ रही है।








