पटना । बिहार की राजधानी पटना में शनिवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें नौ लोगों की मौत हो गई। मृतकों में आठ महिलाएं और एक टेम्पो चालक शामिल हैं। यह दुर्घटना शाहजहांपुर थाना क्षेत्र के सिगरियावा स्टेशन के पास हिलसा-दनियावां रोड पर हुई, जब तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से आ रहे टेम्पो को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेम्पो पूरी तरह से चकनाचूर हो गया और उसमें सवार यात्री मौके पर ही फंस गए। बताया गया कि मृतक नालंदा जिले के मलावा गांव के निवासी थे और फतुहा के त्रिवेणी घाट पर गंगा स्नान के लिए जा रहे थे। हादसे के बाद सड़क पर चीख-पुकार मच गई और खून से लथपथ शव इधर-उधर बिखर गए।
हादसे के बाद हंगामा
दुर्घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने सड़क जाम कर हंगामा किया और फैक्ट्री संचालक को बुलाने की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि हादसा कराने वाला ट्रक पास की सीमेंट फैक्ट्री का था और टक्कर के बाद चालक उसे फैक्ट्री के अंदर ले गया।
मृतक और घायल
पुलिस ने मृतकों की पहचान रविंद्र प्रसाद की पत्नी संजू देवी, परशुराम प्रसाद की पत्नी उदेशा देवी, त्रिपुरारी शरण पांडेय की पत्नी कंचन देवी, शंभू राम की पत्नी बबीता देवी, विकास साव की पत्नी रेणु कुमारी, धनंजय पासवान की पत्नी दीपिका पासवान, विरेंद्र प्रसाद की पत्नी गंगा देवी, चंद्रमौली पांडेय की पत्नी कुसुम देवी और चालक चंदन कुमार के रूप में की है। घायलों में काजल कुमारी, पुनम देवी, सविता देवी और नीलम देवी शामिल हैं। चारों को गंभीर हालत में इलाज के लिए रेफर किया गया है।
मुख्यमंत्री ने जताया दुःख
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह अत्यंत दुखद घटना है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की तथा पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
पुलिस जांच जारी
पुलिस के अनुसार, ट्रक चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया है। उसकी तलाश की जा रही है और घटना की जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।










