बिलासपुर। जिले के तखतपुर विधानसभा क्षेत्र में इन दिनों अवैध खनन का कारोबार तेजी से फैल रहा है। बिना किसी वैध अनुमति के प्रतिदिन बड़ी-बड़ी गाड़ियों से मिट्टी और रेत का अवैध उत्खनन और परिवहन खुलेआम किया जा रहा है। नियमों की धज्जियाँ उड़ाते हुए खनिज माफिया नदी में ट्रैक्टर उतारकर भारी मात्रा में रेत भर रहे हैं।
ग्रामीणों की मानें तो उन्होंने कई बार खनिज विभाग को इस अवैध गतिविधि की जानकारी दी है, लेकिन विभागीय अधिकारी अब तक निष्क्रिय बने हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अधिकारी कुंभकर्णी नींद में सोए हैं, जिससे माफियाओं के हौसले और भी बुलंद हो गए हैं।
विशेष तौर पर ग्राम देवरीकला में स्थित बंधवा तालाब को मनरेगा कार्य के लिए स्वीकृत किया गया था, लेकिन आरोप है कि यहां सरपंच के पति द्वारा मशीनों के जरिये अवैध रूप से मिट्टी का खनन करवाया जा रहा है। इस मामले में जब खनिज अधिकारी से पूछा गया, तो उन्होंने जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही अवैध खनन पर रोक नहीं लगाई गई और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं हुई, तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे। क्षेत्र में बढ़ते इस अवैध कारोबार को लेकर लोगों में आक्रोश व्याप्त है और वे खनिज विभाग से त्वरित और ठोस कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।








