भारत और पाकिस्तान की टीमें एक बार फिर क्रिकेट मैदान पर भिड़ने को तैयार हैं। एशिया कप 2025 में तीन बार आमने-सामने होने के बाद अब दोनों देशों की भिड़ंत एशियन क्रिकेट काउंसिल (एसीसी) के राइजिंग स्टार्स टी20 टूर्नामेंट में होने जा रही है। यह रोमांचक टूर्नामेंट कतर की राजधानी दोहा में 14 नवंबर से शुरू होगा।
टूर्नामेंट के उद्घाटन मैच में पाकिस्तान और ओमान की टीमें आमने-सामने होंगी। भारत, पाकिस्तान, ओमान और यूएई को ग्रुप B में रखा गया है, जबकि ग्रुप A में बांग्लादेश, श्रीलंका, अफगानिस्तान और हांगकांग शामिल हैं।
सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाला मुकाबला भारत A बनाम पाकिस्तान A का होगा, जो 16 नवंबर को खेला जाएगा। क्रिकेट प्रेमियों को इस हाई-वोल्टेज मैच का बेसब्री से इंतजार है। बताया जा रहा है कि इस मैच में भारतीय खिलाड़ी पहले की तरह ही पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाएंगे और “नो हैंडशेक” नीति को जारी रखेंगे।
टूर्नामेंट के दोनों सेमीफाइनल 21 नवंबर को खेले जाएंगे, जबकि फाइनल मुकाबला 23 नवंबर को आयोजित किया जाएगा।
भारत और पाकिस्तान के बीच पिछली भिड़ंत एशिया कप 2025 में हुई थी, जहां भारत ने तीनों मैचों में पाकिस्तान को हराकर शानदार प्रदर्शन किया था। अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या पाकिस्तान इस बार बदला ले पाएगा या भारतीय टीम फिर से अपना दबदबा कायम रखेगी।










