रायपुर/बस्तर। मणिपुर में उग्रवादियों से मुठभेड़ में शहीद हुए छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के वीर सपूत जवान रंजीत सिंह कश्यप का सोमवार को उनके गृह ग्राम बालेंगा में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार के अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उपस्थित होकर अपने वीर जवान को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी तथा सुरक्षा बलों के जवान भी मौजूद रहे। शहीद जवान को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया और पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार की रस्म पूरी की गई।
इससे पहले रविवार की शाम शहीद रंजीत कश्यप का पार्थिव शरीर रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद विमानतल लाया गया था। यहां सेना व पुलिस के जवानों ने उन्हें सलामी दी और श्रद्धासुमन अर्पित किए।
गौरतलब है कि 19 सितंबर को मणिपुर में असम राइफल्स के काफिले पर उग्रवादियों ने हमला किया था, जिसमें बस्तर के रंजीत सिंह कश्यप सहित दो जवान शहीद हो गए थे। इस दुखद घटना से पूरा क्षेत्र गमगीन है। ग्रामीणों ने कहा कि रंजीत सिंह कश्यप की शहादत को हमेशा याद रखा जाएगा और उनकी वीरता अगली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी।








