छत्तीसगढ़ में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। शुक्रवार को दिनभर की भीषण गर्मी के बाद देर रात मौसम ने करवट ली और राजधानी रायपुर सहित कई जिलों में तेज बारिश हुई। इस बारिश ने लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत दी है।
भारतीय मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। अलर्ट के अनुसार, अगले कुछ घंटों में रायपुर, दुर्ग, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, कोरबा, बालोद, राजनांदगांव, महासमुंद, बिलासपुर, धमतरी और मुंगेली जिलों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश हो सकती है। इन इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात की आशंका भी जताई गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, मध्य छत्तीसगढ़ में आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां थोड़ी कम हो सकती हैं, लेकिन अन्य हिस्सों में अच्छी बारिश जारी रहेगी। लोगों को सलाह दी गई है कि खराब मौसम के दौरान सतर्क रहें और अनावश्यक रूप से खुले स्थानों पर न जाएं।
फिलहाल, श्रीगंगानगर से लेकर बंगाल की खाड़ी तक एक सक्रिय मानसून द्रोणिका बनी हुई है, जो रोहतक, बांदा, सीधी, रांची और डायमंड हार्बर से होकर गुजर रही है। इसके साथ ही 70° पूर्व देशांतर और 32° उत्तर अक्षांश पर 5.8 किमी की ऊंचाई पर एक पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय है, जो मौसम में बदलाव ला रहा है।








