सीमा पर पाकिस्तान के साथ हुए सीजफायर के बाद आज बुधवार को पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय कैबिनेट और कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी (CCS) की महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित होने जा रही हैं। कैबिनेट की बैठक सुबह 11 बजे शुरू होगी, जिसके तुरंत बाद CCS की बैठक होगी।
विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, इन बैठकों में हाल ही में संपन्न हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’, पहलगाम में हुए आतंकी हमले की जांच की प्रगति, और सीजफायर के बाद के हालात की समीक्षा की जा सकती है।
CCS में हो सकता है बड़ा फैसला
CCS बैठक में प्रधानमंत्री मोदी के साथ रक्षा मंत्री, गृह मंत्री, वित्त मंत्री और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोवाल भाग लेंगे। संभावना है कि रक्षा, गृह और विदेश मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे, जिनके आधार पर कोई बड़ा रणनीतिक निर्णय लिया जा सकता है।
पहलगाम हमले के बाद तीसरी CCS बैठक
गौरतलब है कि पहलगाम हमले के बाद CCS की यह तीसरी बैठक होगी। 23 अप्रैल को पहली बैठक में दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई का निर्णय हुआ था, जबकि 30 अप्रैल की दूसरी बैठक में जम्मू-कश्मीर की सुरक्षा स्थिति की गहन समीक्षा की गई थी। इसके बाद सेना को आतंकियों पर निर्णायक कार्रवाई के लिए पूर्ण छूट दी गई और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को अंजाम दिया गया।
सीजफायर के बाद की सुरक्षा रणनीति पर फोकस
आज की बैठक में ऑपरेशन के परिणाम, पाकिस्तान को दिए जाने वाले संभावित कड़े संदेश और भविष्य की सुरक्षा रणनीतियों पर चर्चा हो सकती है। साथ ही, सीमा पर सीजफायर के बाद उत्पन्न हुए हालात और उनकी चुनौतियों पर भी गंभीर विचार-विमर्श की संभावना है।
जानकारी के अनुसार, इस बैठक में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) और तीनों सेना प्रमुखों की उपस्थिति भी संभव है। भारत-पाकिस्तान सीमा पर मौजूदा तनावपूर्ण स्थिति और जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा के दृष्टिकोण से यह बैठक अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है।









