करन हलधर की कलम से…..✍🏻
रायपुर । नवरात्रि की नवमी पर राजधानी रायपुर भक्ति और उल्लास के रंग में रंगी नजर आई। जगह-जगह सजे भव्य दुर्गा पंडालों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही। माता रानी की आराधना, भक्ति गीतों की गूंज और भंडारे की महक से वातावरण पावन बना रहा।

इसी क्रम में छत्तीसगढ़ केबल ऑपरेटर संघ के अध्यक्ष मनोज चक्रधारी द्वारा आयोजित विशेष पंडाल में दो खास मेहमानों का आगमन हुआ। रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल और जीटीपीएल बीसीसी के डायरेक्टर बबलू भाटिया ने मां दुर्गा की आरती में हिस्सा लिया और श्रद्धालुओं के साथ आशीर्वाद प्राप्त किया।
श्रद्धालुओं ने किया भव्य स्वागत
जैसे ही दोनों अतिथि पंडाल पहुंचे, वहां मौजूद श्रद्धालुओं और केबल ऑपरेटरों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। फूल-मालाओं से अभिनंदन किया गया और माता रानी के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने कहा कि “बबलू भाटिया के आने से आयोजन का महत्व और बढ़ गया है तथा सभी ने मिलकर प्रदेश की तरक्की और खुशहाली की प्रार्थना की।”
ऑपरेटरों में बढ़ा आत्मविश्वास
पंडाल में मौजूद बड़ी संख्या में केबल ऑपरेटरों ने इसे गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि जीटीपीएल बीसीसी जैसी मजबूत कंपनी के नेतृत्व से उन्हें तकनीकी मजबूती और आत्मविश्वास दोनों मिलते हैं।
“ऑपरेटरों की ताकत से समझौता नहीं होगा” – बबलू भाटिया
अपने संबोधन में जीटीपीएल बीसीसी डायरेक्टर बबलू भाटिया ने कहा
–
“नवरात्रि शक्ति और एकता का पर्व है। जैसे मां दुर्गा ने धर्म की रक्षा की, वैसे ही हम सब ऑपरेटर मिलकर उद्योग को आगे ले जाएंगे। ग्राहक संतुष्टि और तकनीकी मजबूती हमारी पहली प्राथमिकता है। ऑपरेटरों की ताकत से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं होगा।”
भक्ति और एकता का संगम
दुर्गा पंडाल में माता की आरती, भक्ति गीत, ढोल-नगाड़ों की गूंज और भंडारे के बीच यह आयोजन न सिर्फ धार्मिक उत्सव साबित हुआ बल्कि समाज में एकता और उद्योग की मजबूती का भी संदेश लेकर आया।







