छत्रपाल सिंह राज बोले – पाकिस्तान को मिला मुंहतोड़ जवाब, सरकार और सेना पर है गर्व
कोरबा/पाली। पाकिस्तान द्वारा निर्दोष भारतीय नागरिकों की हत्या के जवाब में भारत सरकार व सेना द्वारा चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर की सफलता ने पूरे देश में उत्साह और गर्व की भावना को प्रबल किया है। इसी कड़ी में बीते शनिवार को पाली विकासखंड के ग्राम पंचायत माँगामार में शौर्य तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसने पूरे गांव को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
यात्रा का शुभारंभ पंचायत भवन से हुआ और पूरे ग्राम में भ्रमण करते हुए समापन पुनः वहीं किया गया। इस दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम और सेना के जयघोषों से पूरा वातावरण गूंज उठा। ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर देशप्रेम का परिचय दिया और घर-घर तिरंगे फहराए।
ग्राम सरपंच एवं ब्लॉक सरपंच संघ के अध्यक्ष छत्रपाल सिंह राज ने कहा कि 22 अप्रैल को पाकिस्तान समर्थित आतंकियों ने 26 निर्दोष भारतीयों की नृशंस हत्या की थी। इसके जवाब में भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत दुश्मन के 9 आतंकी अड्डों और सैन्य ठिकानों को तबाह कर दिया। उन्होंने कहा, “आतंकियों ने हमारी माताओं-बहनों का सिंदूर छीना था, भारतीय सेना ने उनके आतंकी केंद्रों को ही मिटा दिया। यह शौर्य और प्रतिशोध का परिचायक है।”
उन्होंने आगे कहा कि यह यात्रा केवल शहीदों को श्रद्धांजलि नहीं थी, बल्कि एकता, भाईचारे और राष्ट्रीय समर्पण का प्रतीक भी बनी। “हमें उन वीर जवानों और उनकी माताओं पर गर्व है, जिन्होंने राष्ट्र की रक्षा में खुद को समर्पित किया,” छत्रपाल सिंह राज ने भावुक होकर कहा।
इस अवसर पर उपसरपंच उमाशंकर कश्यप, सचिव पंचराम कोराम, सभी पंचगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। ग्रामवासियों की भागीदारी ने यह सिद्ध कर दिया कि देश के सम्मान और सुरक्षा के लिए हर नागरिक एकजुट है।







