मुंबई । टाइगर श्रॉफ की बहुप्रतीक्षित एक्शन मूवी ‘बागी 4’ सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है और दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। हालांकि ओपनिंग डे की तुलना में फिल्म की कमाई थोड़ी कम रही, लेकिन तीसरे दिन कलेक्शन में उछाल देखने को मिला। Sacnilk की रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म ने तीसरे दिन 10 करोड़ रुपये का बिजनेस किया। इसी के साथ फिल्म ने रिलीज के पहले तीन दिनों में कुल 31.25 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है।
‘बागी 4’ ने शुरुआती तीन दिनों में ही इस साल रिलीज हुई कई चर्चित फिल्मों को पछाड़ दिया है। इनमें विक्रांत मैसी की ‘आंखों की गुस्ताखियां’ (1.3 करोड़), शाहिद कपूर की ‘देवा’ (19.15 करोड़), राजकुमार राव की ‘मालिक’ (14.25 करोड़), सारा अली खान की ‘मेट्रो इन दिनों’ (16.75 करोड़) और जॉन अब्राहम की ‘द डिप्लोमैट’ (13.3 करोड़) शामिल हैं। इन सभी फिल्मों की तुलना में टाइगर की एक्शन मूवी का बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन कहीं ज्यादा बेहतर रहा है।
हालांकि, ‘बागी 4’ अभी भी मलयालम मूवी ‘लोका: चैप्टर 1-चंद्रा’ की सफलता से काफी पीछे है। इस फिल्म ने रिलीज के 11 दिनों में ही 82.6 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है। पहले दिन इसे केवल मलयालम भाषा में रिलीज किया गया था, लेकिन बाद में इसे तमिल, तेलुगु और हिंदी में भी उतारा गया। 11वें दिन ‘लोका’ ने चार भाषाओं में मिलाकर 10.25 करोड़ रुपये का बिजनेस किया।









