शहर के बीच स्थित तहसील कार्यालय होगा शिफ्ट, ट्रैफिक और भीड़-भाड़ से मिलेगी राहत
बिलासपुर के नेहरू चौक में स्थित तहसील कार्यालय को कोनी स्थानांतरित किया जाएगा। यहां नवनिर्मित कमिश्नर कार्यालय के समीप आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित तीन मंजिला तहसील भवन बनाया जाएगा। राज्य सरकार ने करीब 9 करोड़ रुपये की लागत से इस भवन के निर्माण को मंजूरी दी है। कलेक्टर अवनीश शरण के प्रयासों से इस परियोजना को स्वीकृति मिली, जिसमें उप मुख्यमंत्री अरुण साव और वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने सहमति जताई।
पुराना भवन जर्जर, नई जगह होगी सुविधाजनक
वर्तमान तहसील कार्यालय शहर के सबसे व्यस्ततम इलाके में स्थित है, जहां दिनभर भारी भीड़ और ट्रैफिक की समस्या बनी रहती है। पुराने भवन की स्थिति जर्जर है, और स्थानाभाव के कारण कई शाखाएं एक ही कमरे में संचालित हो रही हैं। पेयजल, शौचालय, बैठक कक्ष और पार्किंग जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव यहां आम लोगों और कर्मचारियों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बना हुआ है।
कैसा होगा नया तहसील भवन?
नया तहसील कार्यालय कोनी में खुले और सुव्यवस्थित स्थान पर बनाया जाएगा, जिसमें अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। भवन में बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और दो अतिरिक्त मंजिलें होंगी।
🔹 बेसमेंट – पार्किंग और लिफ्ट की सुविधा
🔹 भूतल – केंटीन, फोटोकॉपी, महिला एवं पुरुष शौचालय, लिफ्ट
🔹 पहली मंजिल – 6 कोर्ट रूम, स्टेनो, कानूनगो, रिकॉर्ड रूम, लॉबी
🔹 दूसरी मंजिल – एसडीएम कोर्ट, वीसी रूम, डेटा सेंटर, प्रोजेक्टर रूम, लॉबी, शौचालय
नए भवन में रिकॉर्ड रूम को सुरक्षित बनाया जाएगा, जिससे दस्तावेजों के क्षतिग्रस्त होने की समस्या नहीं होगी। बारिश में जलभराव और छत से पानी टपकने जैसी समस्याएं भी समाप्त होंगी।
भीड़भाड़ से मिलेगी राहत, ट्रैफिक जाम से निजात
कोनी में नया तहसील भवन बनने से नेहरू चौक पर ट्रैफिक जाम की समस्या कम होगी। इसके अलावा, शहर के बीचों-बीच स्थित इस कार्यालय के शिफ्ट होने से वहां अत्यधिक भीड़-भाड़ और दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी।
जिला प्रशासन के इस फैसले से आम जनता और सरकारी कर्मचारियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, जिससे कामकाज भी सुचारू रूप से हो सकेगा।










