नई दिल्ली । पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स के लिए आईपीएल 2025 का यह सीजन अब तक निराशाजनक रहा है। टीम ने चार में से तीन मुकाबले गंवाए हैं, जिनमें दो हार उसे अपने घरेलू मैदान पर चेपॉक में मिली हैं। अब उसका सामना पंजाब किंग्स से उसके ही घर में होने जा रहा है। इस अहम मुकाबले में टीम मैनेजमेंट एक बड़ा फैसला ले सकती है।
चेन्नई को पहले आरसीबी ने चेपॉक में हराया और फिर दिल्ली कैपिटल्स ने भी उसके घर में मात दी। अगर चेन्नई अब भी जीत की पटरी पर नहीं लौटी, तो प्लेऑफ की दौड़ से बाहर होने का खतरा मंडरा सकता है।
धोनी की फॉर्म पर सवाल
पिछले दो मैचों में एमएस धोनी का बल्ला खामोश रहा है। वह निचले क्रम में बल्लेबाजी करते हुए भी टीम को मजबूत फिनिश नहीं दे पा रहे हैं। दिल्ली के खिलाफ मैच में वह 12वें ओवर में क्रीज पर आए थे, लेकिन 26 गेंदों पर नाबाद 30 रन ही बना सके। उनका यह धीमा प्रदर्शन टीम को महंगा पड़ा। ऐसे में अगला मुकाबला वह आराम कर सकते हैं।
धोनी की गैरमौजूदगी में विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी डेवन कॉन्वे संभाल सकते हैं। ऋतुराज गायकवाड़ और कॉन्वे ओपनिंग कर सकते हैं, जबकि तीसरे नंबर पर रचिन रवींद्र को मौका मिल सकता है। विजय शंकर, रवींद्र जडेजा, वंश बेदी, और शेक राशिद जैसे खिलाड़ी मध्यक्रम को मजबूती दे सकते हैं।
गेंदबाजी में बदलाव संभव
पिछले मैच में महंगे साबित हुए मुकेश चौधरी की जगह अंशुल कम्बोज को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जा सकता है। रविचंद्रन अश्विन, रवींद्र जडेजा और नूर अहमद की तिकड़ी स्पिन विभाग में जिम्मेदारी संभालेगी, जबकि खलील अहमद पेस अटैक का नेतृत्व करेंगे।
क्या पंजाब करेगी बदलाव?
राजस्थान रॉयल्स के हाथों मिली पिछली हार के बावजूद पंजाब किंग्स में बदलाव की संभावना कम है। प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्य की ओपनिंग जोड़ी चेन्नई के गेंदबाजों के लिए खतरा बन सकती है। कप्तान श्रेयस अय्यर, मार्कस स्टोइनिस और नेहाल वढेरा अच्छी फॉर्म में हैं। वढेरा ने पिछले मैच में 62 रन की शानदार पारी खेली थी।
ग्लेन मैक्सवेल और शशांक सिंह से फिनिशर की भूमिका निभाने की उम्मीद है। गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह, मार्को यानसेन, युजवेंद्र चहल और लॉकी फर्ग्यूसन मुख्य गेंदबाज होंगे। प्रियांश आर्य और चहल को टीम इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में इस्तेमाल कर सकती है।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11:
चेन्नई सुपर किंग्स:
ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), डेवन कॉन्वे (विकेटकीपर), रचिन रवींद्र, विजय शंकर, वंश बेदी, रवींद्र जडेजा, शेक राशिद, रविचंद्रन अश्विन, नूर अहमद, अंशुल कम्बोज, खलील अहमद
पंजाब किंग्स:
श्रेयस अय्यर (कप्तान), प्रभसिमरन सिंह, प्रियांश आर्य, मार्कस स्टोइनिस, नेहाल वढेरा, ग्लेन मैक्सवेल, शशांक सिंह, मार्को यानसेन, अर्शदीप सिंह, लॉकी फर्ग्यूसन, युजवेंद्र चहल










