बिलासपुर। शहर में सड़क हादसों की रोकथाम और नागरिकों की सुरक्षा के मद्देनजर तोरवा थाना पुलिस द्वारा शुक्रवार को सघन जांच अभियान चलाया गया। थाना प्रभारी अभय सिंह और उनकी टीम ने देवरी खुर्द गदा चौक क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 42 और 43 में बाइक सवारों की सख्ती से चेकिंग की।
इस दौरान बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों की जांच की गई। साथ ही तीन सवारी बैठाने वालों और 18 वर्ष से कम उम्र के युवाओं को वाहन न चलाने की सख्त हिदायत दी गई। पुलिस ने बाइक चालकों को हेलमेट पहनने और ट्रैफिक नियमों का पालन करने की समझाइश दी।
अभियान के दौरान प्रभारी अभय सिंह ने बताया कि “हमारा उद्देश्य केवल चालानी कार्रवाई नहीं, बल्कि लोगों को सुरक्षित यात्रा के लिए जागरूक करना है। हादसे रोकने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।”
पुलिस टीम ने आने-जाने वाले नागरिकों को दुर्घटना से बचाव और सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक करते हुए नियमों का पालन करने की अपील की।









