बिलासपुर। सरकंडा क्षेत्र में एक बड़े आर्थिक अपराध का खुलासा हुआ है, जहां एक युवक ने शेयर बाजार में अधिक मुनाफे का लालच देकर कई नागरिकों से लाखों रुपये की ठगी की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सरकंडा निवासी व्यास नारायण साहू ने 24 मार्च को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी पहचान काछीबाड़ी बंधवापारा निवासी आकाश उर्फ छोटू यादव (29 वर्ष) से थी। बातचीत के दौरान आरोपी ने शेयर बाजार में निवेश पर अधिक लाभ मिलने का प्रलोभन दिया। झांसे में आकर साहू ने आरोपी को ऑनलाइन यूपीआई से 50 हजार रुपये और दो गवाहों के सामने नगद 50 हजार रुपये दिए। कुल मिलाकर 1 लाख रुपये का निवेश कराया गया।
शिकायतकर्ता ने बताया कि अकेले वह ही नहीं, बल्कि आरोपी ने गुलशन केसर, अजय यादव, आलोक शर्मा, विष्णु वंशकार, अमित भगत समेत कई अन्य लोगों से भी अलग-अलग किस्तों में करीब 15 लाख रुपये की ठगी की। तय समय पर न तो पैसे वापस मिले और न ही कोई लाभ। जब लोगों ने रकम लौटाने की मांग की, तो आरोपी टालमटोल करता रहा और फिर घर में ताला लगाकर फरार हो गया।
मोबाइल लोकेशन से हुआ सुराग, पुलिस ने दबोचा
शिकायत के बाद पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज करते हुए एक विशेष जांच टीम गठित की। तकनीकी विश्लेषण और मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपी का सुराग लगाया गया। 19 जुलाई, रविवार को पुलिस ने उसे घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार किया, जिसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
सावधानी की ज़रूरत
यह घटना आम नागरिकों के लिए एक गंभीर चेतावनी है कि अज्ञात या बिना प्रमाणिकता वाले निवेश सलाहकारों के बहकावे में न आएं। शेयर बाजार में निवेश से पहले पूर्ण जानकारी और सतर्कता आवश्यक है। पुलिस अब इस मामले से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश में जुटी है।








