नई दिल्ली। देश आज 79वां स्वतंत्रता दिवस बड़े हर्ष और उत्साह के साथ मना रहा है। कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी और मुंबई-अहमदाबाद से लेकर गुवाहाटी-शिलांग तक आजादी का जश्न मनाया जा रहा है। हर जगह राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा शान से लहरा रहा है।

लाल किले से प्रधानमंत्री का संबोधन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजधानी दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले पर तिरंगा फहराया। इस बार समारोह का थीम है – “स्वतंत्रता का सम्मान करें, भविष्य को प्रेरित करें”। सुबह 7:21 बजे पीएम मोदी लाल किले पहुंचे, जहां गार्ड ऑफ ऑनर के बाद उन्होंने ध्वजारोहण किया और राष्ट्रगान गाया गया।

इसके बाद प्रधानमंत्री ने राष्ट्र को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय एकता और तकनीकी प्रगति पर जोर दिया और दुनिया को सीधा संदेश देते हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का भी उल्लेख किया।

समारोह में विशेष अतिथि और विभिन्न क्षेत्रों से आमंत्रित नागरिक शामिल हुए। सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था के बीच दिल्ली मेट्रो ने सुबह 4 बजे से ही यात्रियों के लिए विशेष सेवाएं शुरू कीं।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का राष्ट्र के नाम संदेश
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देशवासियों को संबोधित किया। उन्होंने सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस भारतीयों के लिए गर्व और आत्मसम्मान के पर्व हैं। राष्ट्रपति ने कहा, “हमारे लिए संविधान और लोकतंत्र सर्वोपरि हैं। 15 अगस्त हमारी सामूहिक स्मृति में गहराई से अंकित है। औपनिवेशिक शासन से मुक्ति का सपना अनेक पीढ़ियों ने देखा और उनके बलिदान तथा आशा ने हमें स्वतंत्रता दिलाई। यही आशा और ऊर्जा आज भी हमारे प्रगति पथ की प्रेरणा है।”










