बिहार के मोतिहारी से गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। कोटवा थाना क्षेत्र के दीपउ मोड़ के पास एक तेज रफ्तार ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए सड़क पार करने के लिए खड़े बाइक सवारों, ई-रिक्शा और पैदल यात्रियों को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
घटना दोपहर करीब 12:30 बजे हुई, जब सड़क पार करने के लिए कई वाहन और लोग खड़े थे। तभी तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक अनियंत्रित होकर सीधा भीड़ पर चढ़ गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार से इलाके में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
इधर, दुर्घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर इकट्ठा हो गए और गुस्से में दिल्ली-काठमांडू राजमार्ग पर जाम लगा दिया। आक्रोशित भीड़ की पुलिस अधिकारियों से तीखी नोकझोंक भी हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा।
फिलहाल मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। प्रशासन ने घायलों के इलाज की व्यवस्था तेज कर दी है और हालात पर नजर बनाए हुए है।









