रायपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस ने आईपीएल सट्टेबाजी के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र के पुणे से 26 सटोरियों को गिरफ्तार किया है। ये सभी आरोपी ऑनलाइन सट्टेबाजी के लिए ‘महादेव’ और ‘रेड्डी अन्ना’ ऐप का इस्तेमाल कर रहे थे। पुलिस ने इन आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है।
अन्य राज्यों से भी जुड़े हैं आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों में तीन मध्य प्रदेश और एक उत्तर प्रदेश से हैं, जबकि बाकी 22 आरोपी छत्तीसगढ़ के विभिन्न शहरों से हैं। पुलिस ने इनके ठिकानों से 11 लैपटॉप, 98 मोबाइल फोन, वाईफाई डिवाइस, तीन रजिस्टर, 30 पासबुक, नौ चेकबुक, 81 एटीएम कार्ड और 50 सिम कार्ड जब्त किए हैं।
30 करोड़ रुपये से अधिक के लेन-देन का खुलासा
पुलिस जांच में सामने आया कि जब्त किए गए लैपटॉप और मोबाइल फोन में 30 करोड़ रुपये से अधिक का लेन-देन दर्ज है। साथ ही, पुलिस को यह भी पता चला कि दो-तीन पैनल संचालक आरोपी दुबई की यात्रा कर चुके हैं, जिससे अंतरराष्ट्रीय सट्टेबाजी नेटवर्क की संभावना भी जताई जा रही है।
आईपीएल में सट्टेबाजों पर कड़ा शिकंजा
एंटी क्राइम और साइबर यूनिट की टीम ने आईपीएल 2024 के दौरान अब तक 9 मामलों में कुल 57 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले भी रायपुर पुलिस ने राजधानी से लगे अमलेश्वर थाना क्षेत्र में जुआ खेल रहे 12 लोगों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया था।
रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सट्टेबाजी के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।









