कोरबा/पाली। विशेष रिपोर्ट।
कोरबा/पाली। कटघोरा वनमंडल के पाली वन परिक्षेत्र में वन विभाग ने रात्रि गश्त के दौरान सागौन की अवैध तस्करी के प्रयास को नाकाम कर दिया। बारीउमराव–घुईचुंवा मार्ग पर घुईचुंवा के समीप वन अमले ने सागौन के तीन मोटे गोले लदी एक सफेद वेन को पकड़कर वाहन और लकड़ी जब्त कर ली।

पाली वन परिक्षेत्राधिकारी योगेश्वर बंजारे के अनुसार, वन अमला रात में बारीउमराव–घुईचुंवा मुख्य मार्ग पर गश्त कर रहा था। इसी दौरान एक सफेद रंग की वेन क्रमांक CG 12 AP 5863 संदिग्ध रूप से लकड़ी ले जाते दिखाई दी। वाहन को रोककर जांच करने पर उसमें कीमती इमारती सागौन के 3 नग मोटे गोले पाए गए।
वन विभाग ने तत्काल वेन और सागौन की लकड़ी को जब्त कर लिया। जब्त लकड़ी की मात्रा 0.200 घन मीटर बताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 15 हजार रुपये आंकी गई है। मामले में वाहन राजसात की कार्रवाई के लिए प्रकरण संबंधी दस्तावेज उच्च अधिकारियों को भेजे गए हैं।
वन अपराधियों को नहीं बख्शा जाएगा
वन परिक्षेत्राधिकारी योगेश्वर बंजारे ने स्पष्ट किया कि वनों और वन संपदा को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ वन कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि जंगल में अवैध कटाई, खनन या वनभूमि पर अतिक्रमण की जानकारी मिलने पर तत्काल पाली वन परिक्षेत्र कार्यालय को सूचना दें।
वन विभाग द्वारा जारी संपर्क नंबर 83497 11524 पर भी सूचना दी जा सकती है, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
पाली वन क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई से जहां सागौन की अवैध तस्करी का प्रयास विफल हुआ, वहीं वन संपदा को भी नुकसान से बचाया गया। वन विभाग की रात्रिकालीन गश्त और सक्रियता से तस्करों में हड़कंप की स्थिति है।









