छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में मौसम ने करवट ली है। बीती रात से शुरू हुई हल्की से मध्यम बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी है। रायपुर समेत कई इलाकों में देर रात से लेकर सुबह तक रुक-रुक कर बारिश होती रही, जिससे तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।
आज भी बने रहेंगे बादल, कई जिलों में बारिश की संभावना
रविवार को भी प्रदेशभर में मौसम खुशनुमा बना रहेगा। मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि रायपुर, सुकमा, बीजापुर, और दंतेवाड़ा जैसे जिलों में तेज आंधी, मेघगर्जन, आकाशीय बिजली और ओलावृष्टि हो सकती है। राजधानी रायपुर में दिनभर बादल छाए रहने के आसार हैं, वहीं दक्षिण छत्तीसगढ़ में भी बारिश की पूरी संभावना जताई गई है।
अगले 5 दिनों तक अलर्ट, कई जिलों के लिए चेतावनी
मौसम विभाग ने अगले 4 से 5 दिनों तक प्रदेश के कई जिलों के लिए चेतावनी जारी की है। बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, बालोद, धमतरी और गरियाबंद जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, मुंगेली, कबीरधाम, बेमेतरा, राजनांदगांव, दुर्ग, महासमुंद, बीजापुर, दंतेवाड़ा और सुकमा के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
तापमान में गिरावट से मिली राहत
शनिवार रात से शुरू हुई बारिश के चलते प्रदेशभर में तापमान में गिरावट देखी गई है। मौसम में आई इस ठंडक से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में भी तापमान सामान्य बना रहेगा और लोगों को तपती गर्मी से राहत मिलती रहेगी।
छत्तीसगढ़ के निवासियों के लिए यह मौसम सुहावना तो है, लेकिन मौसम विभाग की चेतावनी को ध्यान में रखते हुए सतर्क रहना भी जरूरी है।







