अरुण जेटली स्टेडियम में आईपीएल 2025 का रोमांचक मुकाबला उस वक्त ऐतिहासिक बन गया, जब गुजरात टाइटंस के दो बल्लेबाजों ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ बल्ले से तूफान मचा दिया। साई सुदर्शन और कप्तान शुभमन गिल की जोड़ी ने न केवल 200 रनों का विशाल लक्ष्य हासिल किया, बल्कि ऐसा करते हुए कई रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिए।
सुदर्शन-गिल की अटूट साझेदारी से जीत का परचम
दिल्ली द्वारा दिए गए 200 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए साई सुदर्शन और शुभमन गिल की सलामी जोड़ी ने 19 ओवर में ही मैच समाप्त कर दिया। सुदर्शन ने 61 गेंदों पर नाबाद 108 रन बनाए, जिसमें 12 चौके और 4 छक्के शामिल थे। वहीं गिल ने 53 गेंदों में नाबाद 93 रन बनाए, जिसमें उन्होंने 3 चौकों और 7 गगनचुंबी छक्कों की बरसात की।
आईपीएल में रचा गया इतिहास
यह आईपीएल इतिहास का पहला मौका है जब किसी टीम ने बिना विकेट गंवाए 200 से अधिक रन का लक्ष्य सफलतापूर्वक हासिल किया हो। इस शानदार जीत के साथ गुजरात टाइटंस ने 10 विकेट से अपना सबसे बड़ा आईपीएल जीत दर्ज की और टूर्नामेंट की दूसरी सबसे बड़ी रन चेज भी पूरी की।
दिल्ली के खिलाफ रिकॉर्डतोड़ साझेदारी
गिल और सुदर्शन की जोड़ी ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड तोड़ते हुए, आईपीएल इतिहास की तीसरी सबसे बड़ी साझेदारी भी बना दी। इसके साथ ही बतौर भारतीय बल्लेबाजी जोड़ी, इस सीजन में अब तक सबसे ज्यादा 839 रन जोड़ने का भी रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।
गुजरात टाइटंस के ये दो सितारे इस सीजन में न सिर्फ टीम की जीत की रीढ़ बने हुए हैं, बल्कि अपने प्रदर्शन से पूरे क्रिकेट जगत को प्रभावित कर रहे हैं।










