आईपीएल 2025 में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) का सफर निराशाजनक अंत की ओर पहुंच गया है। सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ मिली करारी शिकस्त ने टीम के प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। 206 रन का बड़ा लक्ष्य होने के बावजूद लखनऊ के गेंदबाजों ने विरोधी टीम को खुलकर खेलने दिया और हार का सामना करना पड़ा। आइए जानते हैं वे 3 बड़ी वजहें, जिनके चलते एलएसजी का यह सीजन उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाया।
1. मिडिल ऑर्डर की कमजोरी ने तोड़ा सपना
लखनऊ का मिडिल ऑर्डर पूरे सीजन लड़खड़ाता नजर आया। निकोलस पूरन, मिशेल मार्श और एडेन मार्करम जैसे खिलाड़ी जब चले, तो टीम को जीत मिली, लेकिन इनके फेल होते ही पूरी बैटिंग लाइनअप धराशायी हो गई। आयुष बदोनी, कप्तान ऋषभ पंत और अब्दुल समद जैसे बल्लेबाज अपने प्रदर्शन से टीम मैनेजमेंट को निराश करते रहे।
2. कप्तानी और बल्लेबाज़ी में फ्लॉप रहे ऋषभ पंत
मेगा ऑक्शन में 27 करोड़ रुपये की बड़ी कीमत पर टीम से जुड़े ऋषभ पंत उम्मीदों पर बिल्कुल खरे नहीं उतरे। 12 मैचों में उनका औसत महज 12 और स्ट्राइक रेट 100 रहा, जो किसी भी लिहाज से टी20 क्रिकेट में स्वीकार्य नहीं माना जाता। पंत की बल्लेबाज़ी विफल रही और नेतृत्व भी टीम को जीत की राह पर नहीं ला सका।
3. चोटों और कमजोर गेंदबाज़ी ने डुबोया लखनऊ
सीजन की शुरुआत से पहले ही एलएसजी को कई बड़े झटके लगे। मोहसिन खान चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर रहे, मयंक यादव और आकाशदीप जैसे तेज़ गेंदबाज़ पूरे समय फिट नहीं रह सके। रवि बिश्नोई की स्पिन भी असरदार नहीं रही। शुरुआती मुकाबलों में चमके शार्दुल ठाकुर भी बाद में बेअसर दिखे। नतीजा ये हुआ कि टीम के पास कोई ऐसा गेंदबाज़ नहीं रहा जो दबाव में विकेट निकाल सके।
लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए आईपीएल 2025 का सीजन सबक बनकर रह गया। खराब फॉर्म, चोटें और कमजोर रणनीति ने मिलकर टीम को प्लेऑफ की दौड़ से बाहर कर दिया। आने वाले सीजन में टीम को अपने मिडिल ऑर्डर और गेंदबाज़ी आक्रमण को मजबूती देने की सख्त जरूरत होगी।










