रायगढ़ (छत्तीसगढ़) । रायगढ़ जिले के भाटनपाली गांव में सोमवार को उस वक्त धार्मिक तनाव फैल गया, जब गांव के एक प्राचीन हनुमान मंदिर को एक धर्म परिवर्तन कर चुके व्यक्ति द्वारा कथित रूप से तोड़ने की घटना सामने आई। इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोग विरोध प्रदर्शन में जुट गए।
जानकारी के मुताबिक, मंदिर तोड़े जाने की खबर आग की तरह फैली और ग्रामीणों के साथ-साथ बजरंग दल के कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए। नाराज प्रदर्शनकारियों ने गांव के चर्च के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया और वहां लगे क्रॉस को हटा दिया। इसके साथ ही उन्होंने चर्च परिसर में भगवा झंडा फहरा दिया।
घटना के बाद भड़की धार्मिक भावनाएं
इस घटनाक्रम के दौरान “जय श्रीराम” और “हिंदू धर्म की जय” जैसे नारे लगाए गए, जिससे गांव का माहौल और भी तनावपूर्ण हो गया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यह सिर्फ मंदिर तोड़ने का मामला नहीं, बल्कि सुनियोजित धर्मांतरण का हिस्सा है।
धर्मांतरण को लेकर उभरा विवाद
स्थानीय निवासियों के अनुसार, जिस व्यक्ति पर मंदिर तोड़ने का आरोप है, वह पहले हिंदू था लेकिन हाल ही में ईसाई धर्म अपना चुका है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव और आसपास के इलाकों में चुपचाप धर्मांतरण की गतिविधियां काफी समय से चल रही हैं, जिसे अब और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रशासन और पुलिस की सख्ती
घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है। वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास शुरू किए। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाइश दी और किसी भी प्रकार की हिंसा या कानून हाथ में लेने से मना किया।
प्रशासन ने लोगों से संयम और शांति बनाए रखने की अपील की है। फिलहाल गांव में तनाव बना हुआ है, लेकिन पुलिस की सख्त निगरानी और लगातार गश्त के चलते हालात नियंत्रण में हैं।







